अवैध रेत कारोबार पर विजयराघवगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार,जेसीबी चलवाकर बंद किए नदी तक जाने वाले रास्ते।

 अवैध रेत कारोबार पर विजयराघवगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार,जेसीबी चलवाकर बंद किए नदी तक जाने वाले रास्ते।

महानदी में अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई,कई गांवों से बने अवैध मार्ग किए ध्वस्त।

विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर एमपी।

जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महानदी तक जाने वाले अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन की सहायता से बंद करवा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य महानदी क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे रेत उत्खनन एवं परिवहन को रोकना था।

जानकारी के अनुसार वर्तमान में महानदी से रेत उत्खनन एवं परिवहन के लिए किसी भी वैध कंपनी को अनुमति प्राप्त नहीं है। इसके बावजूद थाना विजयराघवगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कई स्थानों पर अवैध रेत कारोबारियों द्वारा नदी के भीतर तक पहुंचने के लिए रास्ते तैयार कर लिए गए थे। इन मार्गों का उपयोग कर ट्रैक्टर, डंपर और अन्य वाहनों के माध्यम से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था।

पुलिस को लगातार ऐसी गतिविधियों की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्राम खजुरा, हन्तला, भीम्पार, घुनौर, खिरवा नंबर-1 तथा चेहला टोला खिरवा से होकर महानदी तक बनाए गए अवैध रास्तों की पहचान की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से गड्ढे खुदवाकर इन सभी मार्गों को पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे वाहनों का नदी तक पहुंचना संभव न हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन न केवल शासन को राजस्व की हानि पहुंचाता है बल्कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। इसी कारण प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों के विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

पुलिस-प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि कहीं भी अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

विजयराघवगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, प्रधान आरक्षक मुकेश परस्ते, आरक्षक पप्पू प्रजापति तथा चालक मज्जू कोल की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post