विधायक संजय पाठक की मौजूदगी में सांसद वीडी शर्मा ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां।

 विधायक संजय पाठक की मौजूदगी में सांसद वीडी शर्मा ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं,बल्कि सेवा का संकल्प है-संजय पाठक।

कटनी,ग्रामीण खबर mp।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं विधायक संजय पाठक ने विधानसभा क्षेत्र के सभी सात मंडलों में आयोजित जनकल्याण शिविर, चौपाल बैठक, लाभार्थी संपर्क अभियान एवं जनसंवाद कार्यक्रमों में सहभागिता कर जनता से सीधे संवाद स्थापित किया।

कार्यक्रमों के दौरान जनकल्याण शिविरों में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। शिविरों का शुभारंभ सांसद विष्णु दत्त शर्मा, विधायक संजय पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, नगर परिषद अध्यक्ष पलक गोवर तथा संतोष केवट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

जनता को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के सिद्धांतों को आधार बनाकर बीते 12 वर्षों में देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना रही है। इसी सोच के साथ बिना किसी भेदभाव के करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा तथा अन्य अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

सांसद श्री शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचे, इसके लिए जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जो लोग किसी कारणवश अब तक शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं, वे शिविरों में पहुंचकर अपना पंजीयन कराएं और योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।

इस अवसर पर विधायक संजय पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि देश ने पिछले एक दशक में विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, रक्षा क्षेत्र, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है।

विधायक संजय पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का साधन नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रसेवा का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जनकल्याण की भावना और सेवा के संकल्प के साथ केंद्र सरकार लगातार समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है।

कार्यक्रमों के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी आमजन को प्रदान की गई। जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, मनीष देव मिश्रा, मृदुल मिश्रा, राजेश पटेल, रंगलाल पटेल, अजय पप्पू शर्मा, मनीषा शर्मा, गुरुदीप बेदी, भवानीराजा मिश्रा, श्रीराम सोनी, विवेक सिंह बघेल, प्रमोद सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना तथा विकास और सुशासन के विषय में जनता के साथ संवाद स्थापित करना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post