लमतरा बस हादसे के बाद सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय सत्येंद्र पाठक पहुंचे मौके पर,सड़क सुरक्षा सुधार के दिए सख्त निर्देश।

 लमतरा बस हादसे के बाद सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय सत्येंद्र पाठक पहुंचे मौके पर,सड़क सुरक्षा सुधार के दिए सख्त निर्देश।

तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत के बाद एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण,24 घंटे में गड्ढे भरने,रोड डायवर्जन और बड़े संकेतक लगाने के निर्देश।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

कटनी-विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित लमतरा ओवरब्रिज के नीचे हुए भीषण बस हादसे में तीन यात्रियों की मृत्यु के बाद प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ गई है। हादसे के अगले दिन क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा तथा विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों, सड़क की वर्तमान स्थिति तथा यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सड़क पर मौजूद गड्ढे और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है, इसलिए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटनास्थल एवं आसपास के मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों को 24 घंटे के भीतर भरने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आवश्यक स्थानों पर रोड डायवर्जन की व्यवस्था भी तत्काल लागू की जाए, जिससे भारी वाहनों और यात्री वाहनों का आवागमन व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।

सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी और प्रभावी उपाय किए जाएं। वहीं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जबलपुर से कटनी आने वाले मार्ग पर स्थित देवरी ओवरब्रिज, जो बजरंग नगर पीर बाबा स्थल के पहले स्थित है, वहां भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस स्थान पर कटनी की ओर जाने वाले मार्ग को स्पष्ट रूप से दर्शाने वाले बड़े एवं आकर्षक संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि बाहरी जिलों एवं राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को मार्ग संबंधी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अतिरिक्त सड़क के मध्य भाग में आवश्यक स्थानों पर मजबूत रोड डिवाइडर एवं दीवारनुमा सुरक्षा संरचनाएं विकसित करने के भी निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में कई स्थानों पर ट्रक एवं अन्य भारी वाहन अनियंत्रित ढंग से खड़े हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। डिवाइडर और सुरक्षा संरचनाएं बनने से ऐसे वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगेगी तथा यातायात अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित हो सकेगा।

सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने दुर्घटना में मृत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

उल्लेखनीय है कि लमतरा ओवरब्रिज के नीचे हुए बस हादसे में तीन यात्रियों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए निरीक्षण और दिए गए निर्देशों को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क सुधार एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post