थाना विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता,6.50 लाख रुपये का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद।

 थाना विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता,6.50 लाख रुपये का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद।

चार दिन के भीतर कार्रवाई, शहडोल जिले के गोहपार थाना क्षेत्र से जब्त किया गया ट्रैक्टर,आरोपियों की तलाश जारी।

विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में चोरी गए वाहनों एवं संपत्ति की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना विजयराघवगढ़ पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए करीब 6 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज चार दिन के भीतर ट्रैक्टर को शहडोल जिले के गोहपार थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया, जबकि मामले में संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को ग्राम खजुरा निवासी 75 वर्षीय शंभू शिवहरे ने थाना विजयराघवगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका स्वराज कंपनी का नीले रंग का ट्रैक्टर (क्रमांक MP54ZB1318), जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये है, ग्राम हिनौता में ट्रैक्टर चालक राजेन्द्र केवट के घर के सामने खड़ा था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना विजयराघवगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर चोरी गए ट्रैक्टर एवं आरोपियों की तलाश शुरू कराई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच जारी रखी। इसी क्रम में 25 जून 2026 को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और चोरी गया ट्रैक्टर शहडोल जिले के गोहपार थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में शामिल आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी एवं आरक्षक पप्पू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए सतत प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post