घर की बाड़ी में उगाए जा रहे गांजे के पौधे बरामद,आरोपी विजयराघवगढ़ पुलिस की गिरफ्त में।

 घर की बाड़ी में उगाए जा रहे गांजे के पौधे बरामद,आरोपी विजयराघवगढ़ पुलिस की गिरफ्त में।

ग्राम घुघरी में पुलिस की रेड कार्रवाई के दौरान 570 ग्राम वजनी तीन गांजे के पौधे जब्त,एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।

कटनी जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र के ग्राम घुघरी में एक व्यक्ति के घर के सामने स्थित बाड़ी से गांजे के तीन पौधे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 25 जून 2026 को थाना विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा ग्राम घुघरी में रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सुरेश चौधरी के घर के सामने स्थित बाड़ी में गांजे के पौधों जैसे दिखाई देने वाले तीन हरे पौधे मिले। पुलिस ने मौके पर पौधों को उखड़वाकर उनकी जांच की, जिसमें वे मादक पदार्थ गांजा के पौधे पाए गए।

जब्त किए गए पौधों का मौके पर विधिवत तौल कराया गया, जिसका कुल वजन 570 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुरेश चौधरी पिता स्वर्गीय सेमाली चौधरी, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम घुघरी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी तथा आरक्षक पप्पू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की खेती के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post