कटनी में विस्फोटक इकाइयों पर प्रशासन की पैनी नजर,सुरक्षा मानकों की सघन जांच शुरू।

 कटनी में विस्फोटक इकाइयों पर प्रशासन की पैनी नजर,सुरक्षा मानकों की सघन जांच शुरू।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर पटाखा फैक्ट्रियों,विस्फोटक मैगजीन और अमोनियम नाइट्रेट स्टोर हाउसों का भौतिक सत्यापन,लाइसेंस,स्टॉक और सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई गहन पड़ताल।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

जिले में नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं उपयोग से जुड़ी इकाइयों पर सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में संचालित पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक भंडारण मैगजीनों तथा अमोनियम नाइट्रेट फैक्ट्रियों एवं स्टोर हाउसों का व्यापक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत अनुविभाग, तहसील एवं थाना स्तर पर गठित संयुक्त जांच दलों ने विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों, लाइसेंस शर्तों और विस्फोटक अधिनियमों के पालन की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं उपयोग में शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों, सुरक्षा मानकों और विस्फोटक अधिनियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, नियम उल्लंघन अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि कलेक्टर द्वारा 7 अप्रैल को एहतियातन आदेश जारी कर गठित जांच दलों को प्रत्येक लाइसेंसधारी इकाई का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अधिकारियों ने लाइसेंसधारियों के नाम, लाइसेंस जारी करने वाली संस्था, लाइसेंस की वैधता अवधि तथा निर्धारित शर्तों के अनुपालन की गहन जांच की।

निरीक्षण के दौरान विस्फोटक पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण स्थलों का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वहां उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्निशमन उपकरणों, फायर एक्सटिंग्विशर, सैंड बकेट, आपातकालीन निकास मार्ग, सुरक्षा संकेतक बोर्ड एवं कर्मचारियों को दिए जाने वाले सुरक्षा प्रशिक्षण की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके साथ ही अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा संधारित अभिलेखों के आधार पर विस्फोटक सामग्री के क्रय-विक्रय एवं भंडारण का भौतिक सत्यापन भी किया गया।

इस व्यापक जांच अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विस्फोटक विभाग, राजस्व विभाग, नगरीय निकाय एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से शामिल रहे। संयुक्त टीमों ने संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, अभिलेख अद्यतन रखने तथा सुरक्षा उपकरणों को सदैव क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच प्रतिवेदनों के आधार पर नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन की इस सख्त, संवेदनशील और सक्रिय कार्रवाई से जिले में संचालित विस्फोटक इकाइयों के बीच जवाबदेही और सुरक्षा को लेकर गंभीरता का स्पष्ट संदेश गया है। प्रशासन की यह पहल नागरिक सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता, सतर्कता और जवाबदेह कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण मानी जा रही है।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734











Post a Comment

Previous Post Next Post