हनुमान जन्मोत्सव पर उमरिया पान में आस्था का सैलाब,तीन समितियों ने निकाली भव्य शोभायात्राएं।
बजरंग दल,कटरा बाजार दुर्गा उत्सव समिति और बावली हनुमान मंदिर समिति के आयोजन में उमड़ा जनसमूह,आसपास के गांवों में भी दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रम।
उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर उमरिया पान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार को तड़के सुबह से ही क्षेत्र के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, सुंदरकांड पाठ, अखंड रामायण पाठ, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, कन्या भोज एवं विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
नगर के बड़ी माई हनुमान मंदिर, कटरा बाजार हनुमान मंदिर एवं बावली हनुमान मंदिर में दिनभर धार्मिक गतिविधियों का क्रम चलता रहा। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर देखी गईं, जहां लोग भगवान हनुमान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते नजर आए। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, वहीं भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर उमरिया पान में बजरंग दल, कटरा बाजार दुर्गा उत्सव समिति एवं बावली हनुमान मंदिर समिति द्वारा भव्य और विशाल शोभायात्राओं का आयोजन किया गया। इन शोभायात्राओं में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवा ध्वज लेकर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया।
बजरंग दल द्वारा बड़ी माई हनुमान मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। यह यात्रा झंडा चौक, बस्ती क्षेत्र, कटरा बाजार मेन रोड, न्यू बस स्टैंड होते हुए पुनः झंडा चौक से बड़ी माई मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा शीतल पेय एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी।
कटरा बाजार दुर्गा उत्सव समिति द्वारा निकाली गई शोभायात्रा भी आकर्षण का केंद्र रही। यह यात्रा कटरा बाजार हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर मेन रोड, न्यू बस स्टैंड, झंडा चौक, बड़ी माई होते हुए बस्ती क्षेत्र से पुनः मंदिर में समापन हुई। समिति द्वारा यात्रा को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं।
इसी क्रम में बावली हनुमान मंदिर समिति द्वारा निकाली गई शोभायात्रा ने भी नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। यह शोभायात्रा बावली हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर न्यू बस स्टैंड, झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर, मेन मार्केट, आजाद चौक एवं नई बस्ती होते हुए पुनः मंदिर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
शोभायात्राओं में भगवान हनुमान के साथ भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की जीवंत झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई इन झांकियों ने धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया, जिसे देखने के लिए लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों के किनारे खड़े रहे। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और डीजे की धुनों पर युवा उत्साहपूर्वक नृत्य करते नजर आए, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस बल भी मुस्तैद नजर आया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। आयोजन समितियों के सदस्यों ने भी अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उमरिया पान के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बम्हनी, महनेर, पचपेड़ी, हरदी, मडेरा, परसवारा, घुघरी, घुघरा सहित अन्य गांवों में स्थित हनुमान मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर अखंड रामायण पाठ और विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक गतिविधियों और आयोजनों की धूम रही। हनुमान जन्मोत्सव ने एक बार फिर सामाजिक एकता, भाईचारे और धार्मिक आस्था का संदेश दिया। आयोजन में सभी वर्गों और आयु वर्ग के लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिसने इस पर्व को और भी भव्य एवं यादगार बना दिया।
