सिलौंडी में हनुमान जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब,दिनभर चले विविध धार्मिक आयोजन।
रामायण पाठ,सुंदरकांड,भंडारा और भव्य शोभायात्रा के साथ क्षेत्रभर में गूंजे जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सिलौंडी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां पूजा-अर्चना, रामायण पाठ और सुंदरकांड के आयोजन के साथ भगवान हनुमान का विशेष श्रृंगार किया गया।
नगर के श्री बाला जी मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान कुटी बाजार मोहल्ला, धरमपुरा हनुमान कुटी, छोटे एवं बड़े हनुमान मंदिर तथा दक्षिण मुखी हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्री बाला जी मंदिर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसके समापन पर महाआरती और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय श्री बाला जी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पूरे गांव का भ्रमण करते हुए श्रद्धा और उल्लास का संदेश देती रही। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां प्रमुख आकर्षण रहीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
रात्रि में धरमपुरा हनुमान कुटी में दीपदान और महाआरती का आयोजन किया गया, वहीं पंचमुखी हनुमान मंदिर में संकीर्तन के पश्चात कन्या भोज कराया गया। बाजार स्थित हनुमान कुटी में भी सुंदरकांड पाठ और महाआरती का आयोजन देर रात तक चलता रहा।
सिलौंडी क्षेत्र के दशरमन, कछार गांव बड़ा, सांगवा, लालपुर, नेगाई, पाली सहित अन्य गांवों में भी हनुमान जयंती पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में सुबह से ही सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
पूजन-अर्चन और हवन के उपरांत विभिन्न स्थानों पर कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हनुमान जयंती के इस अवसर पर क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।
