कटनी में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई,उत्तम ट्रेडर्स के तेल गोदाम-कारखाने पर छापा।

 कटनी में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई,उत्तम ट्रेडर्स के तेल गोदाम-कारखाने पर छापा।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर संयुक्त टीम की सख्त जांच,कई ब्रांडों के तेल के सैंपल लिए गए,भारी अनियमितताएं उजागर।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

जिले में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुठला स्थित उत्तम ट्रेडर्स के खाद्य तेल गोदाम और कारखाने पर छापा मारा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में संयुक्त टीम ने मौके पर कई गंभीर अनियमितताएं पाई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कारखाने में विभिन्न प्रकार के खाद्य तेलों की पैकेजिंग गतिविधियां संचालित पाई गईं। टीम को गोदाम में कई नामी ब्रांडों के भरे और खाली टीन व प्लास्टिक डिब्बों का बड़ा स्टॉक मिला, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांडिंग को लेकर संदेह की स्थिति बनी।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न कंपनियों के स्टिकर भी भारी मात्रा में बरामद किए गए। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि अलग-अलग ब्रांडों के नाम से पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई की जा रही थी। गोदाम परिसर में एक बड़ा टैंकर भी खड़ा मिला, जिसमें लगभग 24.920 मीट्रिक टन तेल भरा हुआ था। इसके अलावा एक अन्य टैंकर चंदिया भेजे जाने के लिए तैयार स्थिति में पाया गया। साथ ही खाली डिब्बों से भरी एक गाड़ी भी मौके पर मौजूद थी।

जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी सामने आई। गोदाम में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए, वहीं तेल की गुणवत्ता जांच के लिए किसी प्रकार की प्रयोगशाला या तकनीकी स्टाफ उपलब्ध नहीं था। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई और नापतौल विभाग से संबंधित आवश्यक स्टाम्पिंग दस्तावेज भी अनुपस्थित मिले।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांडों के तेल के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रकरण तैयार कर अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजीत तिवारी, नायब तहसीलदार आशीष चतुर्वेदी, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी, ओ.पी. साहू, ब्रजेश विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post