स्कूलों में लगेंगे आधार कैंप,विद्यार्थियों के साथ आम हितग्राहियों के भी होंगे आधार अपडेट।

 स्कूलों में लगेंगे आधार कैंप,विद्यार्थियों के साथ आम हितग्राहियों के भी होंगे आधार अपडेट।

6 से 22 अप्रैल तक तय तिथियों में आयोजन, बायोमेट्रिक अपडेट और मोबाइल नंबर संशोधन पर रहेगा फोकस

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

जिले में विद्यार्थियों को आधार सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अब स्कूलों में ही आधार कैंप लगाए जाएंगे। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर यह पहल शुरू की गई है, जिससे छात्रों को आधार नामांकन और अपडेट के लिए अलग से कहीं जाने की आवश्यकता न पड़े और उन्हें विद्यालय स्तर पर ही सभी सुविधाएं मिल सकें।

निर्देशानुसार प्रत्येक विकासखंड के चयनित स्कूलों में 6 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच निर्धारित तिथियों पर आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के साथ-साथ अन्य योजनाओं के लाभार्थियों के आधार में मोबाइल नंबर अपडेट न होने की समस्या का भी समाधान किया जाएगा। ई-केवाईसी से वंचित हितग्राहियों के आधार अपडेट कराने की जिम्मेदारी संबंधित रोजगार सहायक, पंचायत सचिव और पटवारी को सौंपी गई है। आधार अपडेट के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।

शालाओं के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल से ऐसे विद्यार्थियों की सूची अपडेट करें, जिनके आधार में एमबीयू लंबित है। इन विद्यार्थियों को जागरूक कर कैंप में बुलाया जाए, ताकि समय पर उनका आधार अपडेट हो सके।

यह पहल विशेष रूप से बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पर केंद्रित है, जिसमें फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो अपडेट शामिल है। पहला बायोमेट्रिक अपडेट 5 वर्ष की आयु में और दूसरा 15 वर्ष की आयु में आवश्यक होता है। 15 से 17 वर्ष के बीच यह अपडेट निःशुल्क है, जबकि 17 वर्ष के बाद शुल्क लागू होता है।

अपडेटेड आधार कार्ड विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से स्कूल प्रवेश, प्रवेश परीक्षाएं, छात्रवृत्ति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी सेवाओं का लाभ मिलता है। इसके साथ ही जिले में विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत अपार आईडी बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं। अपार आईडी के जरिए छात्र अपने सभी शैक्षणिक रिकॉर्ड जैसे मार्कशीट, ग्रेड शीट, डिग्री और अन्य प्रमाणपत्र डिजिटल रूप से सुरक्षित रख सकते हैं और आवश्यकता अनुसार उपयोग कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपार आईडी बनाने के लिए यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल में दर्ज छात्र का नाम आधार कार्ड से मेल खाना अनिवार्य है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे जेईई, नीट, यूपीएससी आदि में आवेदन और परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए भी आधार से लिंक मोबाइल नंबर और अपडेटेड बायोमेट्रिक्स आवश्यक हैं। इस पहल से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post