कछार गांव बड़ा के दो सगे भाइयों ने रचा इतिहास,10वीं और 12वीं में टॉप कर बढ़ाया क्षेत्र का मान।

 कछार गांव बड़ा के दो सगे भाइयों ने रचा इतिहास,10वीं और 12वीं में टॉप कर बढ़ाया क्षेत्र का मान।

शासकीय स्कूल के छात्रों की शानदार सफलता,श्रेयश बागरी ने 12वीं में 92% और शशांक बागरी ने 10वीं में 98% अंक हासिल किए,शिक्षक दंपति के बेटों ने पेश की मिसाल।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

कटनी जिले के सिलौंडी क्षेत्र अंतर्गत कछार गांव बड़ा से एक प्रेरणादायक सफलता की खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के दो सगे भाइयों ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल कछार गांव बड़ा में अध्ययनरत श्रेयश बागरी, पिता सुभाष बागरी ने कक्षा 12वीं (गणित संकाय) में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं उनके छोटे भाई शशांक बागरी ने कक्षा 10वीं में 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे संकुल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

एक ही परिवार के दो भाइयों द्वारा एक साथ अलग-अलग कक्षाओं में टॉप करने की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

दोनों छात्रों की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का विशेष योगदान रहा है, जो स्वयं शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके पिता सुभाष बागरी शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल सिलौंडी में पदस्थ हैं, जबकि माता शासकीय प्राथमिक स्कूल कंजिया में शिक्षिका हैं।

आज के समय में जहां अधिकांश सरकारी शिक्षक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए शहरों के निजी विद्यालयों में भेजना पसंद करते हैं, वहीं सुभाष बागरी और उनके परिवार ने अपने बच्चों को शासकीय विद्यालय में ही पढ़ाकर यह सिद्ध किया है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर सरकारी स्कूलों में भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।

यह सफलता न केवल दोनों भाइयों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। इससे यह संदेश भी मिलता है कि संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि संकल्प और मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734











Post a Comment

Previous Post Next Post