सिलौंडी-नेगई में मां कर्मा देवी जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा,साहू समाज ने श्रद्धा और उत्साह से किया स्मरण।

 सिलौंडी-नेगई में मां कर्मा देवी जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा,साहू समाज ने श्रद्धा और उत्साह से किया स्मरण।

झंडा चौक से खेरमाता मंदिर तक गूंजे जयकारे,बड़ी संख्या में महिलाएं,युवा और बच्चे हुए शामिल,समाज की आराध्य देवी के सेवा और भक्ति भाव को किया गया याद।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

 सिलौंडी और नेगई क्षेत्र में साहू समाज द्वारा मां कर्मा देवी जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, वरिष्ठ जनों, युवाओं और बच्चों ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा का शुभारंभ सिलौंडी स्थित शिव मंदिर झंडा चौक से किया गया। यहां से यात्रा सोसायटी मार्ग होते हुए बस स्टैंड, शिव चौक और मुख्य मार्ग से आगे बढ़ती हुई नेगई के खेरमाता मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जयकारे लगाए गए और मां कर्मा देवी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की गई। यात्रा के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों ने मां कर्मा देवी के जीवन, उनकी भक्ति और सामाजिक सेवा के कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने बताया कि मां कर्मा देवी साहू समाज की आराध्य देवी मानी जाती हैं और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति तथा समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया था।

मां कर्मा देवी का जन्म वर्ष 1615 में राजस्थान के नागौर जिले के कलवा गांव में हुआ था। उनके पिता जीवनराम डूडी एक धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और माता भी अत्यंत भक्तिमयी थीं। बचपन से ही मां कर्मा देवी का झुकाव भक्ति और सेवा की ओर रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना और समाज के दीन-दुखियों की सेवा में समर्पित कर दिया।

साहू समाज में मां कर्मा देवी जयंती को विशेष महत्व के साथ मनाया जाता है। यह जयंती चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को मनाई जाती है। इस दिन समाज के लोग पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से मां कर्मा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। मान्यता है कि उनकी पूजा और स्मरण करने से भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होती है और समाज में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि का वातावरण बनता है।

इस अवसर पर सिलौंडी, नेगई, अतरसुमा, गोपालपुर सहित आसपास के कई गांवों से साहू समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से पूरा आयोजन श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने एकजुट होकर मां कर्मा देवी के बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post