बरही के कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं,विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की पहल से कटनी में मेडिकल कॉलेज सहित कई विकास कार्यों को मिली गति।

 बरही के कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं,विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की पहल से कटनी में मेडिकल कॉलेज सहित कई विकास कार्यों को मिली गति।

243 करोड़ के 97 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन,किसानों को दिन में बिजली,बरही में वॉलीबॉल इंडोर स्टेडियम और सिंचाई परियोजनाओं की घोषणा।

बरही,ग्रामीण खबर MP।

बरही के कृषि महोत्सव मैं शामिल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि कटनी जिले में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे जिले के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री शनिवार को कटनी जिले के बरही में आयोजित किसान सम्मेलन एवं कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले को 243 करोड़ रुपये की लागत से 97 विकास कार्यों की सौगात दी और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इनमें कई पुलों का निर्माण, महाविद्यालय, सांदीपनि विद्यालय सहित अनेक विकास कार्य शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने घोषणा की कि अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें रात के समय खेतों में काम करने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जलाशयों और नहरों का व्यापक स्तर पर जीर्णोद्धार किया जाएगा ताकि सिंचाई का दायरा लगातार बढ़ाया जा सके और किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों में सिंचाई का रकबा बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है और आने वाले समय में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है और प्रदेश में गेहूं की खरीद इस वर्ष 2625 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से की जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा लगातार क्षेत्र की समस्याओं को शासन स्तर पर उठाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप सिंचाई, सड़क और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। इसी क्रम में बरही में वॉलीबॉल का इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के लिए खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बरही के बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य में तालाब के चारों ओर घाट निर्माण, फव्वारे और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे, जिससे यह स्थल पर्यटन और स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया और किसान कल्याण से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए किसानों से संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप हल और स्मृति चिन्ह के रूप में लड्डू गोपाल की प्रतिमा भेंट की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में रोजगार आधारित औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश की प्रक्रिया चल रही है। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और प्रदेश आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो चुका है और सरकार हर वर्ग के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि कृषि कल्याण वर्ष में कटनी जिले को अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों और नागरिकों को इन योजनाओं से बड़ा लाभ मिलेगा। विधायक श्री पाठक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए भविष्य में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री के बरही आगमन पर आभार रैली का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मुख्य बाजार मार्ग से निकली इस रैली में बरहीवासियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जगह-जगह मंच बनाकर उनका अभिनंदन किया गया। विभिन्न व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

कृषि महोत्सव के दौरान बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना को लेकर किसानों में विशेष उत्साह देखा गया। लगभग 566.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 27 गांवों के लगभग 11 हजार किसानों को लाभ मिलेगा और करीब 20 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए किसानों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मन्त्री उदय प्रताप सिंह, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक,विधायक संदीप जायसवाल,विधायक प्रणय प्रभात पांडेय,विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, जिलापंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, महापौर प्रीति संजीव सूरी,भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, बरही के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल,आशीष पाठक, अनुज तिवारी, दीपक जैन, हरनीत लम्बा, सचिन तिवारी,पी डी ताम्रकार, रजनीश नामदेव सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और लाखों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

1 Comments

Previous Post Next Post