जिला अस्पताल के सामने आज रविवार को लगेगा जैविक-प्राकृतिक हाट बाजार।
कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल से किसानों को मिला बाजार,शहरवासियों को मिलेंगी रसायनमुक्त ताज़ी सब्जियां।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिला चिकित्सालय के सामने स्थित नगर निगम सब्जी मार्केट परिसर में प्रत्येक रविवार को जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार का आयोजन किया जाएगा। यह पहल जिले के कलेक्टर आशीष तिवारी के किसान हितैषी प्रयासों का परिणाम है, जिसका उद्देश्य जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना तथा किसानों को उनके उत्पादों के लिए सीधा बाजार उपलब्ध कराना है।
इस हाट बाजार को लेकर शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। जैविक और प्राकृतिक पद्धति से खेती करने वाले किसानों द्वारा लाई गई ताज़ी और हरी सब्जियां हाथों-हाथ बिक रही हैं। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने लगा है और उन्हें स्थानीय स्तर पर स्थायी बाजार भी प्राप्त हो रहा है। वहीं दूसरी ओर नागरिकों को रसायनमुक्त, शुद्ध एवं पौष्टिक सब्जियां और अन्य उत्पाद सहजता से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास अरुणिमा सेन अयंगर ने जानकारी देते हुए बताया कि हाट बाजार में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से उत्पादित विभिन्न मौसमी सब्जियां और खाद्यान्न उपलब्ध रहेंगे। इनमें लौकी, सेम, गोभी, टमाटर, पालक, मेथी, मूली, गाजर, पत्ता गोभी सहित अन्य ताज़ी सब्जियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जैविक दालें, जैविक चावल तथा श्री अन्न जैसे कोदो, कुटकी, रागी और चिया सीड भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे प्रत्येक रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक हाट बाजार में पहुंचकर स्वास्थ्यवर्धक जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की खरीदी करें तथा जिले के कृषकों का उत्साहवर्धन करें। यह पहल न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
