सिलौंडी चौकी में होली और रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न,सौहार्दपूर्ण उत्सव की अपील।

 सिलौंडी चौकी में होली और रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न,सौहार्दपूर्ण उत्सव की अपील।

प्रशासन ने शासन की गाइडलाइन से कराया अवगत,नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी,भाईचारा और परस्पर सम्मान के साथ पर्व मनाने का आह्वान।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।

 आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह को दृष्टिगत रखते हुए सिलौंडी चौकी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखना तथा दोनों समुदायों के बीच आपसी सद्भाव और सौहार्द कायम रखना रहा।

बैठक में नायब तहसीलदार नरेंद्र खरे एवं थाना प्रभारी अभिषेक चोबे ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार हर्षोल्लास और उमंग का प्रतीक है, वहीं रमजान का पवित्र माह आत्मसंयम, इबादत और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे में सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे आपसी सम्मान, संयम और सहयोग की भावना के साथ पर्व मनाएं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा, जिसमें जेल की सजा एवं 11 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी सजग रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

चौकी प्रभारी अनिल पांडे ने उपस्थित लोगों से कहा कि सिलौंडी क्षेत्र की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के लिए रही है। होली के रंग और रमजान की इबादत दोनों ही प्रेम, त्याग और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति या विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

बैठक में सिलौंडी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेश राय, मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, सरपंच कैलाश चंद्र जैन, सरपंच अनिल सिंह बागरी, सरपंच पंचो संतोष बर्मन, मीना मोहन बागरी, गणेश राय, विजय राय, जनपद सदस्य निरंजन खटीक, अन्नू पाल, मोहन बागरी, जनपद पंचायत सदस्य गणेश दत्त गौतम, नरेंद्र उपाध्याय, सोशल मीडिया प्रभारी धीरज जैन, आरक्षक अतुल शर्मा, रामसेवक विश्वकर्मा सहित पुलिस बल एवं ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में क्षेत्र में शांति, सद्भाव और पारस्परिक सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया, ताकि होली और रमजान दोनों पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी. संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post