होली के रंग,आजीविका के संग मेले का शुभारंभ,जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने किया उद्घाटन।

 होली के रंग,आजीविका के संग मेले का शुभारंभ,जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने किया उद्घाटन।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत चार दिवसीय आयोजन,स्व-सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों को मिला मंच,स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन।

विदिशा,ग्रामीण खबर MP।

 राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर आयोजित चार दिवसीय “होली के रंग, आजीविका के संग” मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मेले के उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने मेले का अवलोकन करते हुए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया एवं विपणन संबंधी अनुभवों की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय चौरसिया सहित आजीविका मिशन की जिला स्तरीय टीम भी मौजूद रही।

मेले में होली पर्व को ध्यान में रखते हुए घरेलू एवं पारंपरिक उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित जैविक सब्जियां, बासमती चावल, अचार, पापड़, बेसन के लड्डू, गुजिया, नमकीन, गुलाल, पिचकारी, गोबर के उपले, नींबू का अचार सहित अन्य उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर तैयार इन उत्पादों को नागरिकों द्वारा भी सराहा जा रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि परिवार और समाज में अपनी भागीदारी भी सुदृढ़ कर रही हैं। उन्होंने समूहों को गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग एवं बाजार विस्तार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

उद्घाटन के दौरान उन्होंने स्वयं भी समूहों द्वारा निर्मित सामग्री क्रय कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उनके इस कदम को महिलाओं ने प्रेरणादायक बताया।

चार दिनों तक चलने वाला यह मेला होली पर्व की तैयारियों को रंगीन बनाने के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका को सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
विदिशा जिला ब्यूरो:यशवंत सिंह रघुवंशी

Post a Comment

Previous Post Next Post