जिला सत्र न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकाण्ड पाठ,आरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन।
पूजा-पाठ के साथ सामाजिक समरसता और धार्मिक सौहार्द का संदेश,अधिवक्ताओं व समाजसेवियों की रही गरिमामय उपस्थिति।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिला सत्र न्यायालय परिसर स्थित प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान मंदिर में धार्मिक आस्था, आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के भाव को सशक्त करने के उद्देश्य से विधिवत पूजा-पाठ, आत्मीय एवं भव्य सुंदरकाण्ड पाठ, आरती तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह पुनीत आयोजन समाजसेवी सोनू दुबे के सौजन्य से संपन्न हुआ, जिसमें अधिवक्ता समाज के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपसी भाईचारे, सद्भाव तथा सामूहिक एकता को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी शक्ति, सेवा, समर्पण और सदाचार के प्रतीक हैं तथा उनके स्मरण और भक्ति से जीवन में आत्मबल एवं सद्मार्ग की प्रेरणा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उपस्थित सम्मानित अधिवक्ताओं, वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामय उपस्थिति में प्रभु श्रीराम भक्त अंजनी के लाला हनुमान जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात शांत, श्रद्धामय एवं आत्मीय वातावरण में सुंदरकाण्ड का पाठ किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव से लीन नजर आए। सुंदरकाण्ड पाठ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा और वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया गया।
सुंदरकाण्ड पाठ के उपरांत विधिवत आरती संपन्न हुई। आरती के समय श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान हनुमान जी की स्तुति की और सभी के कल्याण की कामना की। आरती के पश्चात विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, अधिवक्ताओं एवं आगंतुकों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में विशेष रूप से तैयार की गई मीठी खीर का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धा एवं प्रसन्नता के साथ ग्रहण किया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक, मधुर एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने जय श्रीराम और हनुमान जी की जय के जयघोष लगाए, जिससे वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी भाईचारे, समरसता और सौहार्द के भाव के साथ एक-दूसरे से संवाद किया तथा ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
अधिवक्ता समाज के वरिष्ठजनों ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायालय परिसर में इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन न केवल मानसिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि आपसी संबंधों को भी सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजनों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की, ताकि समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण होता रहे।
इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष संतु परौहा, कोषाध्यक्ष निर्मल दुबे, कार्यकारिणी सदस्य मांडवी पाण्डेय, सीनियर अधिवक्ता एस डी चतुर्वेदी, अधिवक्ता सुदेश कुमार पांडेय, जे पी जालौना, प्रमोद मिश्रा, अनुज तिवारी, मनीष शुक्ला, सनत शुक्ला, शिवम गर्ग, मातृशक्ति अधिवक्ता अंजूलता परौहा, अधिवक्ता रीनू पटेल, गुड़िया धनवती, सीनियर अधिवक्ता डी पी दुबे, शिवम पांडेय सहित अन्य सम्मानित अधिवक्तागण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी की सक्रिय सहभागिता, अनुशासित व्यवस्था एवं सामूहिक सहयोग से यह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सफलतापूर्वक, शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के मन में आध्यात्मिक संतोष और सामाजिक एकता की भावना को और अधिक मजबूत किया।



