उमरिया पान में निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल,अनियमितताओं के आरोपों के बीच कलेक्टर से पुनः जांच की मांग।

 उमरिया पान में निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल,अनियमितताओं के आरोपों के बीच कलेक्टर से पुनः जांच की मांग।

सड़क के ऊपर सीसी रोड निर्माण,नॉट फॉर सेल सीमेंट के उपयोग की अनदेखी का गंभीर आरोप।

उमरियापान,ग्रामीण खबर MP।

कटनी जिले की जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया पान में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर एक बार फिर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर कटनी को दिए गए आवेदन में पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की पुनः निष्पक्ष, स्वतंत्र और बिंदुवार जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर नियमों और तकनीकी मानकों की अनदेखी करते हुए सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिन स्थानों पर वास्तव में सड़क और अन्य निर्माण कार्यों की आवश्यकता है, वहां काम नहीं कराया जा रहा, जबकि पहले से बनी सड़कों पर ही दोबारा सीसी रोड निर्माण दिखाकर भुगतान निकाला जा रहा है। इससे न केवल सार्वजनिक धन की हानि हो रही है, बल्कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में ग्राम पंचायत उमरिया पान में निर्माण कार्यों को लेकर शिकायत के आधार पर जांच कराई गई थी, जिसमें निर्माण कार्य कराने वाली ग्राम पंचायत को दोषी पाया गया था। इसके बावजूद जनपद पंचायत स्तर से जारी जांच प्रतिवेदन में नॉट फॉर सेल सीमेंट के उपयोग का कोई उल्लेख नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह एक गंभीर तथ्य था, जिसे जानबूझकर नजरअंदाज किया गया और इसी कारण दोषियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत उमरिया पान के वार्ड क्रमांक 11 एवं 12 तथा वार्ड क्रमांक 04 एवं 05 में सीसी रोड निर्माण कार्य सड़क के ऊपर ही कराया जा गया है, जो स्पष्ट रूप से निर्माण नियमों और तकनीकी मानकों का उल्लंघन है। नियमों के अनुसार नई सड़क का निर्माण निर्धारित लेवल और संरचना के अनुरूप किया जाना चाहिए, लेकिन यहां पहले से बनी सड़क पर ही सीसी रोड डालकर औपचारिकता पूरी की जा रही है।

इसके साथ ही मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्यों में मजदूरों से कराया जाने वाला कार्य मशीनों के माध्यम से कराया जा रहा है। गिट्टी फ्लोरी मशीन से डाली जा रही है, जिससे स्थानीय मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पा रहा और शासन की रोजगारपरक योजनाओं के उद्देश्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सीसी रोड निर्माण के नाम पर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसे निर्माण कार्य जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। इससे ग्रामीणों को बार-बार समस्याओं का सामना करना पड़ेगा और शासन को दोबारा मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर कटनी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की पुनः जांच स्वतंत्र एजेंसी या उच्च स्तरीय टीम से कराई जाए। जांच में नॉट फॉर सेल सीमेंट के उपयोग, सड़क के ऊपर कराए जा रहे निर्माण, मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी, तकनीकी गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया जैसे सभी बिंदुओं को शामिल किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।

इनका कहना है-

टीम गठित कराकर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, हरसिमरनप्रीत कौर।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post