कटनी में भाजपा संगठन पर्व के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्वाचन पर उल्लास।
जिला कार्यालय में मिठाई वितरण और आतिशबाजी,कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कटनी में मंगलवार को भाजपा संगठन पर्व के अंतर्गत पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्वाचन पर हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों, मोर्चा प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की तथा आतिशबाजी कर जश्न मनाया। पूरा जिला कार्यालय परिसर देशभक्ति और संगठनात्मक उत्साह से ओतप्रोत रहा, जहां लगातार “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टण्डन सोनी ने नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त, अनुशासित एवं जनसमर्पित बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। नितिन नवीन के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती मिलेगी, जिससे जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के कार्य और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ेंगे।
श्री टण्डन ने कहा कि संगठन पर्व का यह अवसर कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है, क्योंकि इससे संगठन के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना और प्रबल होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भाजपा संगठन पूरी एकजुटता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा व्यक्त कार्यकर्ता भावना के संदेश का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को पार्टी का कार्यकर्ता मानते हैं और यही भाव भाजपा की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है। सेवा, समर्पण, अनुशासन और संगठन के सिद्धांतों पर चलते हुए भाजपा ने देशभर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे इसी भावना के साथ संगठन के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन सोनी, विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पीतांबर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव,सुरेश सोनी, जिला महामंत्री सुखदेव चौधरी, सुनील उपाध्याय,रवि खरे,सीमा जैन सोगानी,अंकिता तिवारी, आशीष गुप्ता बाबा,वागीश आनंद,रामू साहू, मनीष दुबे, संदीप दुबे, अम्बरीष वर्मा, आशुतोष शुक्ला,सचिन तिवारी, यज्ञदत्त मिश्रा, रजत जैन, कौशलेश मिश्रा,श्रीराम पटेल, सौरभ अग्रवाल,संजू गर्ग दीपक तिवारी, पार्षद राजू मखीजा, डब्बू रजक, रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार,शिब्बू साहू, गोविंद चावला, सुमित्रा रावत, बीना बैनेजी,प्रभा गुप्ता, शकुंतला सोनी, सरला मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की कामना के साथ किया गया। साथ ही सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।



