विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की प्रखंड बैठक सम्पन्न।

 विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की प्रखंड बैठक सम्पन्न।

संगठन विस्तार,सामाजिक समरसता,प्रशिक्षण वर्ग व राम उत्सव को लेकर बनी विस्तृत कार्ययोजना।

उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP।

नगर के बड़ी माई मंदिर परिसर में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की प्रखंड एवं खंड कार्यकारिणी बैठक का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। बैठक का शुभारंभ अपने निर्धारित समय पर तीन बार ओम के उच्चारण एवं विजय महा मंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुआ। धार्मिक अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा के साथ प्रारंभ हुई इस बैठक में प्रखंड एवं खंड स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।

बैठक प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे, विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री राहुल मिश्रा एवं जिला उपाध्यक्ष अरुण राय की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक का प्रमुख उद्देश्य संगठन की आगामी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों की रूपरेखा तय करना, संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाना तथा कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक चेतना का संचार करना रहा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महाकौशल प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद एक ऐसा संगठन है जो समय, परिस्थितियों और चुनौतियों से परे निरंतर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि यह संगठन हमारे पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी राष्ट्र व समाज के हित में कार्य करता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल का सक्रिय कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर सेवा, संस्कार और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ा सके।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह प्रखंड स्तरीय वृहद बैठक आयोजित करने, प्रखंड सीमा केंद्रों पर संगठनात्मक बोर्ड लगाने, कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे ने सामाजिक समरसता, संघ शताब्दी वर्ष, राम उत्सव, प्रशिक्षण वर्ग, सेवा गतिविधियों एवं आगामी आयोजनों को लेकर विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता और अनुशासित कार्यशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करेगा, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव होगा।

बैठक में जिला मंत्री राहुल मिश्रा ने संगठन की कार्यप्रणाली, दायित्व बोध और संगठनात्मक अनुशासन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।

वहीं जिला उपाध्यक्ष अरुण राय ने अपने संबोधन में संगठन के ऐतिहासिक योगदान और वर्तमान भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकजुटता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा में निहित है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा निर्धारित दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।

बैठक में प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, मंत्री अरविंद गुप्ता, संयोजक कान्हा सोनी, नितिन सोनी, राजेंद्र लखेरा, सतीश चौरासिया, अभिषेक यादव, धीरज दहिया, प्रिंस सोनी, शनि दहिया, राहुल असाटी, अतुल असाटी, हरिओम चौरसिया, दीपक बर्मन, शरद दहिया, साहिल सोनी, कृष्णा दहिया, साहिल काछी, सुमित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रखंड एवं खंड स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, समाजहित के कार्यों को निरंतर गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। बैठक का समापन संगठन मंत्र के साथ किया गया।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post