स्टेशन रोड की यातायात अव्यवस्था पर कसा शिकंजा,पुलिस अधीक्षक और निगमायुक्त की मौजूदगी में चला बड़ा अभियान।
गोल बाजार और रूई बाजार में पैदल निरीक्षण,अतिक्रमण हटाने की व्यापक तैयारी,पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कर आवागमन सुगम बनाने के निर्देश।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
शहर के सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले स्टेशन रोड और उससे जुड़े व्यापारिक क्षेत्रों की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए गुरुवार शाम नगर निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान की विशेषता यह रही कि कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और निगमायुक्त तपस्या परिहार की प्रत्यक्ष मौजूदगी में की गई, जिससे अभियान को और अधिक प्रभावी एवं गंभीर स्वरूप मिला। अभियान में यातायात प्रभारी राहुल पांडेय, कोतवाली टीआई राखी पांडेय तथा नगर निगम का अतिक्रमण अमला पूर्ण दल-बल के साथ उपस्थित रहा।
अभियान की शुरुआत सुभाष चौक से हुई, जहां से अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन मार्ग तक सड़क की वास्तविक स्थिति का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहन न केवल यातायात में बाधा डाल रहे थे, बल्कि लगातार जाम की स्थिति भी उत्पन्न कर रहे थे। कई स्थानों पर फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा फैलाया गया सामान और अस्थायी अतिक्रमण आमजन के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। लेफ्ट टर्न पर रखे गए अवरोधों एवं वाहनों की अनियमित पार्किंग का भी अधिकारियों ने विस्तार से निरीक्षण किया। इन सभी बाधाओं को तुरंत हटवाते हुए सड़क को सुगम और जाम-मुक्त बनाने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बाजार क्षेत्र के व्यापारियों से संवाद भी किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित हदों में रहकर व्यापार करना आवश्यक है, क्योंकि सड़क पर फैलाया गया सामान न केवल नियम विरुद्ध है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए भी खतरा बन जाता है। अधिकारियों ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद यदि अतिक्रमण पाया जाता है, तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक मार्गों व फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण मिलने पर तत्काल हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद संयुक्त टीम गोल बाजार और रूई बाजार के निरीक्षण हेतु रवाना हुई। दोनों ही बाजार दैनिक रूप से हजारों लोगों की आवाजाही वाले क्षेत्र हैं, जहां दुकानों के बाहर रखा समान, अवैध ठेले और पैदल यात्रियों के लिए मार्ग संकरा होने जैसी समस्याएँ लंबे समय से व्याप्त हैं। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर संपूर्ण स्थिति का सूक्ष्म अध्ययन किया। निरीक्षण के दौरान यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि दोनों बाजारों में चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर त्वरित कार्यवाही की जाएगी, जिससे मार्ग चौड़ा हो सके और यातायात दबाव कम हो। यह भी निर्देश दिए गए कि सभी दुकानदार भविष्य में निर्धारित सीमा से बाहर व्यापार न करें।
पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों ने विश्वकर्मा पार्क और रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े रह जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। इस समस्या के समाधान हेतु अधिकारियों ने निर्देश दिया कि विश्वकर्मा पार्क को चारपहिया वाहनों की पार्किंग के रूप में विकसित किया जाए, जबकि रामलीला मैदान को दोपहिया और चारपहिया दोनों प्रकार के वाहनों की पार्किंग के लिए संरचित किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्किंग व्यवस्था की मजबूती से न केवल मुख्य बाजार मार्गों का दबाव कम होगा, बल्कि आवागमन भी अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सकेगा।
तत्काल प्रभाव से संयुक्त टीम ने इन दोनों स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था को लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए। अधिकारियों ने पुलिस एवं निगम अमले को निर्देश दिया कि पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित कर वहां वाहनों के प्रवेश, निकास और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सड़क किनारे कहीं भी अवैध रूप से वाहन खड़े न हों, इसके लिए सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम और नगर निगम का पूरा अतिक्रमण अमला उपस्थित रहा। अभियान को लेकर व्यापारी समुदाय एवं आम नागरिकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि इस प्रकार की कार्रवाई नियमित रूप से हो, तो शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
संयुक्त अभियान के चलते उम्मीद की जा रही है कि स्टेशन रोड, गोल बाजार और रूई बाजार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या में जल्द ही कमी आएगी, जिससे शहर का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734






