ढीमरखेड़ा पुलिस ने मंदिर में दानपेटी तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार।

 ढीमरखेड़ा पुलिस ने मंदिर में दानपेटी तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार।

पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देश पर की गई त्वरित कार्रवाई, आरोपी रिंकू कोल से बरामद किया गया चोरी गया सामान।

ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर mp:

पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देशन में जिलेभर में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना ढीमरखेड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। महदेई मंदिर, ग्राम दशरमन में दानपेटी का ताला तोड़कर की गई चोरी के मामले में पुलिस ने चंद घंटों में ही आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और भी मजबूत हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 जुलाई 2025 को ग्राम दशरमन निवासी प्रार्थी रमेश गर्ग पिता बारेलाल गर्ग, उम्र 62 वर्ष, निवासी दशरमन थाना ढीमरखेड़ा ने थाना में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि महदेई मंदिर दशरमन में अज्ञात व्यक्ति द्वारा दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी गई राशि चोरी कर ली गई है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 310/25, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। इस गंभीर धार्मिक स्थल से जुड़ी चोरी की घटना को प्राथमिकता में लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के कुशल निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा आसपास के संदेहियों से पूछताछ, घटनास्थल का निरीक्षण एवं तकनीकी साक्ष्य संकलन का कार्य किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को रिंकू कोल निवासी दशरमन पर संदेह हुआ, जिसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान रिंकू कोल ने मंदिर से चोरी करना स्वीकार किया तथा पुलिस को बताया कि उसने ही महदेई मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी गई राशि चुराई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मशरूका (रकम) बरामद कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

ढीमरखेड़ा पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों में राहत की भावना व्याप्त है तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना हो रही है। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद के साथ-साथ उपनिरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक धर्मवीर सिंह तथा आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही।

जनसामान्य से भी पुलिस ने अपील की है कि धार्मिक स्थलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने और रात के समय सतर्कता बढ़ाने हेतु समाज भी पुलिस का सहयोग करे ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp

संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post