कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को लेकर गंभीर पहल : राघवेंद्र सिंह।

 कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को लेकर गंभीर पहल : राघवेंद्र सिंह।

कटनी में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेताओं ने बताए संगठन सृजन अभियान के लक्ष्य, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और विचारों को प्रोत्साहन देने पर दिया गया जोर।

कटनी,ग्रामीण खबर mp:

कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाया जा रहा संगठन सृजन अभियान पार्टी की जड़ों को और अधिक मज़बूती देने की दिशा में एक ठोस और रणनीतिक कदम है। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को फिर से सुदृढ़ करना, स्थानीय स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को बढ़ावा देना, और युवाओं को जोड़ते हुए पार्टी को जन-जन तक पहुँचाना है।

इसी उद्देश्य को लेकर बुधवार को कटनी में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, जिला कांग्रेस प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व विधायक सुनील मिश्रा,मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री संदीप बाजपेई और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंच का संचालन वरुण धवन द्वारा किया गया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि संगठन सृजन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के पुनर्गठन और विस्तार की एक सशक्त योजना है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का लक्ष्य है कि पार्टी की विचारधारा को मजबूत करते हुए हर घर तक पहुँच बनाई जाए, जिससे जनविश्वास बहाल किया जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान के माध्यम से नए लोगों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है और पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय भूमिका में लाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम नागरिकों को साथ लेकर उनकी समस्याओं को राजनीतिक मंच तक लाने में जुटी है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुनील मिश्रा ने कहा कि यह अभियान एक विचार प्रक्रिया है जो पार्टी को वर्तमान समय में प्रासंगिक बनाए रखने में सहायक होगी। उन्होंने संगठनात्मक कार्यशैली में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व लाने की जरूरत पर बल दिया।

जिला प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने बताया कि संगठन का हर स्तर अब सक्रिय भूमिका निभाने को तैयार है और पार्टी के सशक्त नेतृत्व में यह अभियान एक नई दिशा देने का कार्य करेगा।

इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, सेवादल अध्यक्ष पंकज गौतम, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर गुमान सिंह, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम जाफर भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि संगठनात्मक एकता और विस्तार के बिना कोई भी पार्टी स्थायी सफलता नहीं पा सकती, और कांग्रेस इस दिशा में संकल्पित है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया और आगामी समय में कांग्रेस की प्रभावशाली भूमिका के लिए तैयार रहने की बात कही।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post