11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमरिया पान के करौंदी में हुआ विशाल योगाभ्यास कार्यक्रम, सांसद सुमित्रा बाल्मीक और भाजपा नेताओं की रही सक्रिय भागीदारी।
महर्षि महेश योगी संस्थान में हुए आयोजन में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन और मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया सहित सैकड़ों लोगों ने किया योग।
उमरिया पान,ग्रामीण खबर mp:
21 जून को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उमरिया पान स्थित महर्षि महेश योगी संस्थान, करौंदी में एक भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक उपस्थित रहीं, जिनके साथ भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी और उमरिया पान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने भी पूरे मनोयोग से योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन बेला में वैदिक मंत्रों के उच्चारण और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात प्रशिक्षित योगाचार्यों द्वारा सभी प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान विधियों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने सामूहिक रूप से योग करते हुए एक अद्भुत एकता और ऊर्जा का अनुभव किया।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। उपस्थित प्रमुख जनों में जनपद अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जनपद उपाध्यक्ष दुर्गा पारस पटेल, समाजसेवी संतोष दुबे, पारस पटेल, राजेश ब्योहार, डॉ यतीन्द्र गौतम,पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष संदीप सोनी, मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद असाटी, महामंत्री धर्मेन्द्र गौतम, अंकित झारिया, विजय दुबे, विनोद साहू, दिनेश गुप्ता सहित अनेक अन्य शामिल थे।
राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक ने योग को भारत की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन की एक सम्पूर्ण पद्धति है, जो तन-मन को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि आज विश्वभर में योग भारत की पहचान बन चुका है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन ने कहा कि निरंतर योगाभ्यास से व्यक्ति का मानसिक संतुलन मजबूत होता है और वह समाजहित में बेहतर कार्य करने की दिशा में प्रेरित होता है। वहीं मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में योग को नियमित रूप से अपनाएं ताकि नशा और अव्यवस्थित जीवनशैली से बचा जा सके।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी सहभागियों और योग प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर करने की घोषणा की।
इस ऐतिहासिक योग आयोजन ने उमरिया पान के नागरिकों में स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मचिंतन के प्रति एक नई चेतना का संचार किया।