पंचायती प्रशासन के आदर्श स्तंभ, सेवा,समर्पण और सौम्यता की मिसाल बने आर. के. तिवारी हुए सेवानिवृत्त।
जनपद पंचायत कटनी में गरिमामय सम्मान समारोह, अधिकारियों व कर्मचारियों ने दी आत्मीय विदाई।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
जनपद पंचायत कटनी में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी आर. के. तिवारी के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में द्वारका भवन में एक गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने श्री तिवारी को सम्मानित करते हुए उनके दीर्घकालीन योगदान को सराहा और भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति के सभापति अशोक विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच संघ के अध्यक्ष कल्लूदास बैरागी, पूर्व पीसीओ जगदीश सिंह भदौरिया, शिक्षक सूर्यकांत परौहा तथा एपीओ वर्षा जैन मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत कटनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मंचासीन अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात सेवानिवृत्त हो रहे प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी आर. के. तिवारी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उपस्थित जनों ने आत्मीय सम्मान दिया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं कीं।
मुख्य अतिथि अशोक विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आर. के. तिवारी का सम्पूर्ण सेवाकाल अनुकरणीय रहा है। वे एक सजग, निष्ठावान, विनम्र एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते रहे हैं। उन्होंने सदैव प्रशासनिक कार्यों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर निष्पक्षता और पारदर्शिता से अंजाम दिया। उनका समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण नवोदित अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि आर. के. तिवारी के साथ बिताया गया समय बेहद मूल्यवान रहा। वे एक सरल, सहज और सहयोगी व्यक्तित्व के धनी रहे, जिन्होंने कम समय में भी विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और कार्यसंस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सेवा के दौरान सदैव मर्यादा और शासकीय गरिमा का ध्यान रखा।
अपने विदाई भाषण में आर. के. तिवारी ने जनपद पंचायत कटनी के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह संस्था उनका दूसरा परिवार रही है और यहां से मिलें अनुभव एवं रिश्ते उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर पहुंचकर वे संतुष्ट हैं कि उन्होंने अपने उत्तरदायित्वों को पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पीसीओ संघ के अध्यक्ष अवधेश दाहिया द्वारा किया गया। समारोह में जनपद पंचायत कटनी के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, तिवारी जी के परिजन एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सभी वक्ताओं ने तिवारी जी के सादगीपूर्ण, अनुशासित एवं जिम्मेदाराना कार्यशैली की सराहना की और कहा कि उनका योगदान पंचायत प्रशासन की स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक मंगलकामनाओं एवं सम्मानपूर्वक विदाई के साथ हुआ।