तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत कृषकों को उन्नत तकनीकों की दी जाएगी जानकारी।
विदिशा:
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 फरवरी से 20 फरवरी 2025 तक चलेगा, जिसमें कृषकों को उन्नत तकनीकों से खेती, पॉली हाउस तकनीक, माइक्रोइरीगेशन सिंचाई प्रणाली तथा अन्य नवीन कृषि विधियों की जानकारी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम के तहत कृषकों को कृषि विज्ञान केन्द्रों और प्रगतिशील कृषकों के प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में कृषक दल राजगढ़ स्थित कृषि विज्ञान केंद्र एवं प्रगतिशील कृषकों के खेतों का भ्रमण करेगा। द्वितीय दिवस शाजापुर के कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण के साथ उन्नत किसानों के अनुभव साझा किए जाएंगे। तृतीय एवं अंतिम दिवस में कृषकों को कृषि महाविद्यालय सीहोर एवं फल अनुसंधान केंद्र ईटखेड़ी भोपाल में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विदिशा से रवाना हुए इस कृषक प्रशिक्षण दल को जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ ओमप्रकाश सनोडिया एवं धनराज सिंह दांगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सहायक संचालक उद्यान जी. गिरवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह भ्रमण कार्यक्रम कृषकों को नवीनतम तकनीकों से अवगत कराकर उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
