अगले सप्ताह से शुरू होगी एमपी बोर्ड 10वीं,12वीं की परीक्षा।

 अगले सप्ताह से शुरू होगी एमपी बोर्ड 10वीं,12वीं की परीक्षा।

बोर्ड परीक्षा में दिखेगी चुनाव जैसी सख्ती, पेपर लीक रोकने के लिए किए गए बदलाव।

-केन्द्राध्यक्ष नहीं रख पाएंगे मोबाइल, जीपीएस से ट्रैस होंगे। 

-कक्षाओं में ही खुलेगा प्रश्नपत्र का लिफाफा।

-10वीं, 12वीं के 32,183 छात्र 75 केंद्रों में देंगे परीक्षा।

विदिशा,मध्यप्रदेश:,

माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बोर्ड परीक्षाएं अगले सप्ताह से शुरू हो रही हैं। इस बार परीक्षाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पेपर लीक रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर इस बार चुनाव जैसी सख्ती देखने को मिलेगी।  

इस बार केन्द्राध्यक्षों को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्र के लिफाफे नहीं खोले जाएंगे, बल्कि ये भोपाल से ही कक्षावार तैयार होकर आएंगे और सीधे परीक्षा कक्ष में छात्रों के सामने खोले जाएंगे। इससे परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सकेगा।  

         परीक्षा सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था:

इस बार परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र लाने और ले जाने की प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए कई नए नियम लागू किए गए हैं।  

-थाना से प्रश्नपत्र उठाने के दौरान कलेक्टर प्रतिनिधि और केन्द्राध्यक्षों को सेल्फी लेनी होगी।  

-परीक्षा शुरू होने से पहले केन्द्राध्यक्षों, सहायक केन्द्राध्यक्षों और कलेक्टर प्रतिनिधियों को ट्रैकिंग से गुजरना होगा।  

-प्रश्नपत्र को परीक्षा केंद्र तक लाने के दौरान मोबाइल नंबर ट्रैस किए जाएंगे, जिससे उनकी लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सके।  

-प्रत्येक ब्लॉक में विशेष निगरानी पैनल बनाए जाएंगे और संवेदनशील केंद्रों पर कलेक्टर के प्रेक्षक तैनात किए जाएंगे।  

-बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को परीक्षा कक्ष में ही खोलने की व्यवस्था की गई है।  

     सीधे कक्ष में खुलेगा,प्रश्नपत्र का लिफाफा:

परीक्षा की पारदर्शिता और गोपनीयता को बनाए रखने के लिए इस बार प्रश्नपत्र लिफाफे भोपाल से ही तैयार होकर आएंगे।  

-परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के बाद छात्र संख्या और कक्ष के हिसाब से लिफाफे नहीं खोले जाएंगे।  

-प्रत्येक लिफाफा सीधे कक्षा में खोला जाएगा और वहीं पर प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे।  

-इस प्रक्रिया से प्रश्नपत्र लीक होने की संभावना को खत्म किया जा सकेगा।  

              छात्रों के लिए विशेष निर्देश:

-परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा हॉल में पहुंचना होगा।  

-परीक्षा से 15 मिनट पहले उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी, ताकि छात्र समय पर लिखना शुरू कर सकें।  

-परीक्षाएं कुल 3 घंटे तक चलेंगी।  

-इस बार कड़े नियमों के तहत परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।  

               परीक्षा केंद्रों की निगरानी:  

-जिले में कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 3 संवेदनशील और 8 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं।  

-45 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के 30 केंद्रों पर यह सुविधा नहीं होगी।  

-सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल और बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है।  

-कलेक्टर प्रतिनिधियों द्वारा परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी की जाएगी।  

    परीक्षा केंद्र का 100 मीटर क्षेत्र प्रतिबंधित:

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है।  

-इस क्षेत्र में केवल परीक्षा से जुड़े अधिकृत अधिकारी ही प्रवेश कर सकेंगे।  

-किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

बोर्ड परीक्षा के दौरान निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा हर स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।  


विदिशा जिला ब्यूरो–यशवंत सिंह रघुवंशी, ग्रामीण खबर एमपी

1 Comments

Previous Post Next Post