चार माह से लापता अपहृत बालिका को बरही पुलिस ने नसुरूल्लागंज (भेरूदा) सीहोर जिले से किया दस्तयाब।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत बरही पुलिस की बड़ी सफलता, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान।
कटनी, बरही:
आज दिनांक 06/02/2025 को पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत पुलिस अधीक्षक जिला कटनी अभिजीत रंजन द्वारा जिले के अपहृत बालक/बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु निर्देश जारी किए गए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई को गति दी गई।
इसी कड़ी में, थाना बरही के अप. क्र. 437/2024 में धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत चार माह पूर्व लापता एक नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने के लिए कटनी पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने साइबर सेल और तकनीकी विश्लेषण की मदद से बालिका की लोकेशन ट्रेस कर नसरुल्लागंज (भेरूदा), सीहोर जिले में उसकी मौजूदगी की पुष्टि की।
इसके बाद, थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में उप निरीक्षक के. के. पटेल, प्र आरक्षक 02 उदय पाल सिंह, आरक्षक दिलीप कोल, आरक्षक अंकित बढ़गैया की टीम को नसरुल्लागंज भेजा गया। 06 फरवरी 2025 को ऑपरेशन मुस्कान के तहत टीम ने वहां पहुंचकर सफलतापूर्वक बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
ऑपरेशन मुस्कान की सफलता, परिजनों की खुशी:
बालिका के लापता होने के बाद से उसके परिजन बेहद चिंतित थे और लगातार पुलिस प्रशासन से उसकी बरामदगी की गुहार लगा रहे थे। चार माह से बेटी के लौटने की आस में बैठे माता-पिता की खुशी का ठिकाना न रहा जब बरही पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी सुरक्षित मिल गई है। जैसे ही टीम बालिका को लेकर बरही पहुंची, उसके माता-पिता भावुक हो उठे और कटनी पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका:
इस संपूर्ण अभियान में थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव, उप निरीक्षक के. के. पटेल, स उ नि मीना धुर्वे, प्र आरक्षक 02 उदय पाल सिंह, आरक्षक दिलीप कोल, आरक्षक अंकित बढ़गैया, साइबर सेल से आरक्षक प्रशांत विश्वकर्मा एवं अजय साकेत की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम ने न केवल तकनीकी माध्यमों से जांच को आगे बढ़ाया बल्कि मौके पर पहुंचकर सूझबूझ और सतर्कता से कार्यवाही को अंजाम दिया।
ऑपरेशन मुस्कान,एक सफल पहल:
पुलिस मुख्यालय द्वारा अपहृत और लापता बच्चों की तलाश हेतु चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की है। इस अभियान के तहत बच्चों की दस्तयाबी के मामलों में तेजी आई है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।
सुरक्षा और सतर्कता के प्रति अपील:
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या अपहरण से जुड़ी जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।साथ ही, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
