सेवा संकल्प बाइक यात्रा विजयराघवगढ़ पहुंची,जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

 सेवा संकल्प बाइक यात्रा विजयराघवगढ़ पहुंची,जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

स्वच्छता अभियान,शहीद परिवार से मुलाकात,वृक्षारोपण और लाभार्थी-युवा संवाद के जरिए सेवा का संदेश।

कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुक्रवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंची। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी तथा यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी सांसद विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा का भैंसवाही ग्राम में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान पटाखों की लड़ियां जलाकर यात्रा में शामिल बाइक सवारों का उत्साहवर्धन किया गया।

यात्रा के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश के बाद विभिन्न स्थानों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर सेवा यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा के दौरान सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

यात्रा ग्राम हरदुआ कला पहुंची, जहां यात्रा में शामिल अतिथियों ने भारतीय सेना में सेवा दे चुके अमर शहीद प्रदीप पटेल के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अतिथियों ने शहीद परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और राष्ट्रसेवा में शहीद हुए प्रदीप पटेल के योगदान को स्मरण किया।

इसके बाद यात्रा विजयराघवगढ़ के ऐतिहासिक किले पहुंची। स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक महत्व वाले इस स्थल पर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक एवं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बरम बाबा की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

यात्रा का अगला पड़ाव कैमोर रहा, जहां लाभार्थी एवं युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शौचालय निर्माण, हर घर नल से जल तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जनसेवा का महत्वपूर्ण कार्य है।

विधायक पाठक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ किए जाने वाले कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कैमोर के बापू की वाटिका में सेवा यात्रियों और कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प बाइक यात्रा के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया गया।

यह बाइक यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सेवा गतिविधियों, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण तथा लाभार्थियों से संवाद जैसी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, विधायक संजय पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महामंत्री मनीषदेव मिश्रा, मृदुल मिश्रा, पारस जैन, नगर परिषद अध्यक्ष पलक ग्रोवर, राजेश्वरी दुबे, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, सुनीता दाहिया, राजेश पटेल, संतोष केवट, हरिओम बर्मन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा कार्यकर्ता एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post