बरही का मान बढ़ाया,अभिजीत तिवारी ने राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में हासिल किया श्रेष्ठ वक्ता का सम्मान।
सायना इंटरनेशनल स्कूल कटनी के कक्षा दसवीं के छात्र अभिजीत ने हिंदी वाद-विवाद में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बरही और कटनी जिले का गौरव बढ़ाया।
बरही। सायना इंटरनेशनल स्कूल, कटनी की कक्षा दसवीं के प्रतिभावान छात्र अभिजीत तिवारी ने राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रेष्ठ वक्ता सम्मान प्राप्त कर बरही क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अभिजीत तिवारी, पिता योगेंद्र तिवारी, प्रभुदत्त तिवारी ‘प्रभु महाराज’ के नाती हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
द सिंधिया स्कूल, दुर्ग, ग्वालियर द्वारा 28 से 30 सितंबर 2026 तक 25वीं महाराजा माधवराव सिंधिया अंतर-विद्यालय हिंदी राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। देशभर के विद्यालयों से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सहभागिता की। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में अभिजीत तिवारी ने अपने प्रभावशाली वक्तव्य, तर्कशक्ति और प्रस्तुति कौशल से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए श्रेष्ठ वक्ता सम्मान हासिल किया।
अभिजीत ने केवल वाद-विवाद प्रतियोगिता में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि अन्य प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा। “बुनो कहानी, कहो जुबानी” प्रतियोगिता में उन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि “कहो जुबानी” प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एक साथ विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन अभिजीत की मेहनत, अध्ययनशीलता, भाषण कला और रचनात्मक सोच को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
अभिजीत की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, विद्यालय परिवार तथा इष्ट-मित्रों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिजनों ने कहा कि अभिजीत ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से परिवार के साथ-साथ बरही क्षेत्र और कटनी जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।


