सायना महाविद्यालय में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन।

 सायना महाविद्यालय में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन।

शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी ने पुरुष वर्ग में जीता खिताब,महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद विजेता।

कटनी। मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार वार्षिक खेलकूद कैलेंडर वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, कटनी में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, रणनीतिक सोच और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ कटनी के प्रतिष्ठित सेवानिवृत्त मेडिकल ऑफिसर एवं शतरंज के अनुभवी खिलाड़ी डॉ. एस.के. खम्परिया, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार, ऑर्बिटर शुभम केवट, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. राजकुमार सहित विभिन्न अतिथियों एवं महाविद्यालय प्रबंधन की उपस्थिति में हुआ।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतिभागियों ने शतरंज की बिसात पर अपनी रणनीति, धैर्य, एकाग्रता, दूरदृष्टि और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता का परिचय दिया। प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी क्षमता के साथ प्रयास किया, जिससे प्रतियोगिता का वातावरण प्रतिस्पर्धात्मक और उत्साहपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर डॉ. एस.के. खम्परिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन में सही समय पर सही निर्णय लेने की कला है।” उन्होंने कहा कि शतरंज व्यक्ति में धैर्य, दूरदृष्टि, रणनीतिक सोच तथा परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर सहभागिता करने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, एकाग्रता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष वर्ग में शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद उपविजेता रहा। वहीं महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद विजेता तथा शासकीय तिलक महाविद्यालय, कटनी उपविजेता रहा।

आयोजन के दौरान जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ाधिकारी एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के विभागाध्यक्षों, सहायक प्राध्यापकों तथा समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी शरद यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ क्रीड़ाधिकारी हीरा लाल केवट, अरुण उरमलिया, डॉ. सार्थक चौरसिया, सत्यवीर सिंह एवं प्रशांत सोनी सहित अन्य सहयोगी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ क्रीड़ाधिकारी हीरा लाल केवट ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ऑर्बिटर शुभम केवट के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को ट्रॉफी तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post