आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का हुआ सम्मान,सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम।
सिलौंडी के इंदिरा आवास आंगनवाड़ी केंद्र में तिलक-वंदन कर शाल-श्रीफल भेंट कर किया गया सम्मान,महिलाओं और बच्चों की रही सहभागिता।
सिलौंडी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलौंडी के इंदिरा आवास स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सिलौंडी क्षेत्र में बच्चों और महिलाओं के लिए निरंतर सेवाएं प्रदान कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित अतिथियों ने सभी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सेवाभाव एवं योगदान की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिलौंडी में यह कार्यक्रम आयोजित कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, भाजपा जिला मंत्री डॉ. प्रशांत राय, सरपंच पंचो संतोष कुमार, उपसरपंच राहुल राय सहित पंचों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अतिथियों द्वारा सिलौंडी क्षेत्र की पांच आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं मीना महोबिया, विनीता राय, सावित्री नामदेव, आशा साहू एवं रीना राय तथा सहायिकाओं लक्ष्मी साहू, रोशनी सेन, सुशीला नामदेव, रिचा साहू एवं आयशा राय का तिलक-वंदन कर शाल एवं श्रीफल भेंट करते हुए सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों तक शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिलाओं से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने में भी आंगनवाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान उनके कार्य के प्रति प्रोत्साहन का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में महिलाओं और बच्चों की भी सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और समाज के प्रति सेवा एवं समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पंच फूला बाई, पंच रोशनी कोल, जनशिक्षक संतोष बर्मन, सुपरवाइजर मैम काछी, सोशल मीडिया प्रभारी धीरज जैन, रति राम कोल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


