गणेश उत्सव में हुड़दंग और विवाद करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई,शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन-पुलिस ने समितियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
नायब तहसीलदार इसरार खान की अध्यक्षता में उमरियापान थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक,थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने कहा-आस्था के पर्व पर बनाए रखें आपसी भाईचारा,नियमों का उल्लंघन करने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई।
उमरियापान। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार शाम 6 बजे उमरियापान थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नायब तहसीलदार इसरार खान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल, जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के संचालक एवं पदाधिकारी, ग्रामीणजन तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान आगामी गणेश उत्सव को लेकर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, ध्वनि नियंत्रण, प्रतिमा विसर्जन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई एवं चल समारोह सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नायब तहसीलदार इसरार खान ने गणेश उत्सव समितियों से अपील करते हुए कहा कि भगवान गणेश की आराधना का यह पर्व सभी लोग श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि न हो जिससे दूसरे लोगों को परेशानी हो अथवा क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि गणेश पंडालों में उपद्रव, विवाद, हुड़दंग या शराबखोरी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
उन्होंने समितियों के सदस्यों से कहा कि पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध नजर आती है या कोई व्यक्ति विवाद अथवा उपद्रव करने का प्रयास करता है तो समिति के सदस्य तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। किसी भी स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने से बचें।
शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने गणेश उत्सव समितियों के संचालकों एवं पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से समझाइश देते हुए कहा कि सभी समितियां पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर त्योहार का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में उपद्रव करता है, विवाद उत्पन्न करता है या धार्मिक आयोजन का माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। शिकायत मिलने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि समिति के पदाधिकारी किसी विवाद की स्थिति में स्वयं किसी व्यक्ति से उलझने के बजाय पुलिस को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सकता है। उन्होंने समितियों से अपील की कि वे अपने पंडालों में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखें।
रात 10 बजे के बाद बंद करना होगा साउंड सिस्टम
बैठक में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने समितियों एवं डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने की समझाइश दी। रात 10 बजे के बाद पंडालों में साउंड सिस्टम बंद रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में बच्चों की त्रैमासिक परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में तेज आवाज एवं देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। इसलिए समितियां ध्वनि की तीव्रता और कार्यक्रम के समय का विशेष ध्यान रखें तथा आसपास रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी ध्यान रखा जाए।
प्रतिमा विसर्जन के लिए उचित व्यवस्था बनाने पर जोर
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से कहा गया कि ग्राम पंचायत द्वारा आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम विसर्जन कुंड अथवा निर्धारित तालाब में प्रतिमा विसर्जन की समुचित व्यवस्था की जाए। विसर्जन स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही प्रतिमा विसर्जन के बाद विसर्जन कुंड एवं तालाब की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजन की समाप्ति के बाद जलस्रोतों में गंदगी न फैले और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए समितियों एवं पंचायत को मिलकर आवश्यक व्यवस्था करनी चाहिए।
चल समारोह में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
गणेश उत्सव के दौरान निकलने वाले चल समारोह एवं जुलूस को लेकर भी बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि चल समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से मार्ग एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समितियों को कार्यक्रम की रूपरेखा पुलिस एवं प्रशासन के साथ साझा करने तथा आवश्यक समन्वय बनाए रखने की सलाह दी गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। ऐसे में समितियों को स्वयं भी जिम्मेदारी के साथ व्यवस्था संभालने में सहयोग करना चाहिए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
उमरियापान में जाम की समस्या भी बैठक में प्रमुखता से उठी
शांति समिति की बैठक के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उमरियापान में आए दिन उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर कई बार यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पर नायब तहसीलदार इसरार खान, सरपंच अटल ब्योहार एवं थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने आपसी समन्वय से समस्या का समाधान करने को लेकर चर्चा की। ऐसे स्थानों को चिन्हित करने, पंचायत स्तर से आवश्यक सूचना एवं नोटिस जारी करने तथा समझाइश के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
सामूहिक जिम्मेदारी से शांतिपूर्ण होगा गणेश उत्सव
बैठक में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने कहा कि किसी भी त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में पुलिस और प्रशासन के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखें और एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें।
उन्होंने कहा कि छोटी-सी अफवाह अथवा विवाद भी बड़े तनाव का कारण बन सकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध अथवा विवादित स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। समितियां अपने स्तर पर भी स्वयंसेवकों की व्यवस्था कर पंडाल एवं कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें।
समितियों एवं ग्रामीणों से मांगे सुझाव
बैठक के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की ओर से गणेश उत्सव समितियों के संचालकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से स्थानीय स्तर की समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग एवं सुझावों से त्योहार के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं का पहले से समाधान किया जा सकता है।
बैठक में पूर्व जनपद अध्यक्ष राजेश राजा चौरसिया, जनपद सदस्य शैलेंद्र पौराणिक, सरपंच अटल व्यौहार, जयप्रकाश चौरसिया, जगन्नाथ माझी, प्रदीप चौरसिया, बिजली विभाग से लक्ष्मण रजक, ललित पटेल, नीलू साहू, ललित गौतम, वेद प्रकाश, शैलेंद्र झरिया, पत्रकार राजेंद्र चौरसिया, सतीश चौरसिया, अज्जू सोनी, अंकित झरिया, राकेश यादव, सोनू बर्मन, दीपक बर्मन, आलोक लोधी सहित गणेश उत्सव समितियों के संचालक, ग्रामीणजन एवं उमरियापान थाना पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
बैठक के अंत में पुलिस एवं प्रशासन ने सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि गणेश उत्सव को श्रद्धा, शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सफल बनाएं।


