मंगल भवन ढीमरखेड़ा में मनाया गया राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह का शौर्य दिवस।

 मंगल भवन ढीमरखेड़ा में मनाया गया राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह का शौर्य दिवस।

ओबीसी,एससी-एसटी समाज ने वीर शहीदों को किया नमन,विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

ढीमरखेड़ा। राजा शंकर शाह एवं राजा रघुनाथ शाह के शौर्य दिवस के अवसर पर 18 सितंबर को मंगल भवन ढीमरखेड़ा में शौर्य दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ओबीसी, एससी एवं एसटी समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। समारोह के दौरान वीर राजा शंकर शाह एवं राजा रघुनाथ शाह के त्याग, साहस और देश के लिए दिए गए बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. बीके पटेल, ओबीसी महासभा जिलाध्यक्ष कटनी, जितेन्द्र कुमार कुर्मी, अखिल भारतीय ओबीसी महासभा एवं ओबीसी-एससी-एसटी संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष जबलपुर, तथा संतकुमार पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष सिहोरा उपस्थित रहे। इसके अलावा रामाधार पटेल, जयप्रकाश पटेल, प्रहलाद लोधी, जीतेंद्र पटेल, रवि पटेल, पारस पटेल, राजेंद्र पटेल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।

आयोजित समारोह में वक्ताओं ने राजा शंकर शाह एवं राजा रघुनाथ शाह के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके जीवन से समाज को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक एकता बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में ओबीसी, एससी एवं एसटी समाज के अधिकारों और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर भी चर्चा की गई।

समारोह के उपरांत सामाजिक संगठनों एवं समाज के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी ढीमरखेड़ा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से UGC लागू किए जाने, 13 प्रतिशत होल्ड हटाए जाने तथा जातिगत जनगणना में ओबीसी समाज के लिए अलग कॉलम जोड़े जाने की मांग रखी गई। इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब पर रोक लगाने तथा ओबीसी, एससी एवं एसटी समाज के लोगों के साथ हो रहे अन्याय, अत्याचार और शोषण को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर शासन-प्रशासन द्वारा गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सामाजिक एकता और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

शौर्य दिवस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते मंगल भवन ढीमरखेड़ा में दिनभर सामाजिक एकजुटता का माहौल रहा। आयोजन के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने वीर शहीद राजा शंकर शाह एवं राजा रघुनाथ शाह के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने की बात कही।

Post a Comment

Previous Post Next Post