सिलौंडी में मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण समारोह का लाइव प्रसारण,मेधावी छात्राओं में दिखा उत्साह।
कक्षा 12वीं की टॉपर श्रीम राय को मिली स्कूटी,उपसरपंच राहुल राय ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित।
सिलौंडी। शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौंडी में मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण समारोह का लाइव प्रसारण छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में देखा गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मुख्यमंत्री द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण किए जाने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और शासन की इस योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौंडी की कक्षा 12वीं की टॉपर छात्रा श्रीम राय, पिता दिनेश्वर राय, निवासी सिलौंडी को भी मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत स्कूटी प्राप्त हुई है। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सिलौंडी उपसरपंच राहुल राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए और नियमित रूप से मेहनत करते हुए बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शासन द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखना चाहिए, ताकि आगामी वर्ष 2027 की परीक्षाओं में भी विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं के तहत लैपटॉप एवं स्कूटी जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सके।c
उन्होंने छात्राओं से कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन जरूरी है। वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी वातावरण को देखते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल संयोजक धीरज जैन, शासकीय कन्या हाई स्कूल के प्राचार्य विशाल वरकड़े सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण समारोह के लाइव प्रसारण के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। छात्राओं ने कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक देखा और मेधावी विद्यार्थियों को मिलने वाले प्रोत्साहन से प्रेरणा लेने की बात कही।


