स्लीमनाबाद में 24 सितंबर को लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शिविर।

 स्लीमनाबाद में 24 सितंबर को लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शिविर।

स्लीमनाबाद और कौड़िया क्लस्टर की 23 पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा मौके पर निराकरण,पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ।

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत गुरुवार, 24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्लीमनाबाद में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में स्लीमनाबाद क्लस्टर की 12 पंचायतों तथा कौड़िया क्लस्टर की 11 पंचायतों सहित कुल 23 पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने, लंबित प्रकरणों का निराकरण करने तथा पात्र लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 24 सितंबर को स्लीमनाबाद ग्राम पंचायत भवन में शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर के लिए स्लीमनाबाद क्लस्टर की 12 पंचायतों को शामिल किया गया है। इनमें स्लीमनाबाद, छपरा, सिहुड़ीछपरा, सलेयाफाटक, बंधी स्टेशन, मतवारा, लखनवारा, तेवरी, गुदरी, संसारपुर, भेड़ा और बिचुआ पंचायत शामिल हैं। इसी प्रकार कौड़िया क्लस्टर की 11 पंचायतों कौड़िया, खिरहनी, बंधी, बंधीधूरी, सलेयाप्यासी, मवई, देवरी, चरगवां, पहरूआ, जुझारी तथा बड़खेरा भरदा के नागरिक भी शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

शिविर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित लंबित शिकायतों, जनसुनवाई के प्रकरणों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर की जाएगी।

प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों और शिकायतों का परीक्षण कर अधिकतम प्रकरणों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का निराकरण तत्काल संभव नहीं होगा, उनमें नियमानुसार समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस शिविर से स्लीमनाबाद एवं कौड़िया क्षेत्र की 23 पंचायतों के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने और विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या, शिकायत या योजना से संबंधित आवेदन लेकर शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post