मानवाधिकार परिषद ने झंडा बाजार चौक पर शान से फहराया तिरंगा।
80वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत माता एवं महात्मा गांधी स्तम्भ परिसर में हुआ भव्य ध्वजारोहण,पदाधिकारियों,स्कूली बच्चियों और गणमान्य नागरिकों की रही सराहनीय उपस्थिति।
कटनी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मानवाधिकार परिषद जिला कटनी द्वारा झंडा बाजार चौक स्थित भारत माता एवं महात्मा गांधी स्तम्भ परिसर में आन, बान और शान के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार सुबह 9:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में मानवाधिकार परिषद के पदाधिकारियों, महिला विंग के सदस्यों, व्यापारियों, स्कूली बच्चियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मानवाधिकार परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया। मुख्य अतिथि ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
मानवाधिकार परिषद की संभागीय अध्यक्ष, समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परिषद द्वारा विशेष सराहनीय पहल करते हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने के साथ-साथ राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रमोद खम्परिया, संभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जैन, संभागीय महिला विंग अध्यक्ष एवं समाजसेवी-अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी, जोधपुर से पहुंचीं महिला विंग अध्यक्ष मोहिनी निषाद, कटनी महिला विंग अध्यक्ष वीणा नामदेव, संभाग संगठन सचिव जितेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जैन, कमल हल्दकार, विधि सचिव राधेलाल बर्मन, जिला महासचिव दिलीप कोटक, महिला विंग उपाध्यक्ष सुमित्रा रावत, कल्लो बाई, तहसील अध्यक्ष संदीप कुमार गुप्ता सहित मनोहर ऊधवानी, कृष्णा केशरवानी एवं व्यापारी संगठन से राकेश जी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में स्कूलों से पहुंचीं छात्राओं की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने राष्ट्रीय पर्व के उत्साह में सहभागिता करते हुए तिरंगे को नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने भी देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
मानवाधिकार परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। समाज में भाईचारा, समानता, न्याय और मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों, व्यापारियों, स्कूली छात्राओं और गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। अंत में उपस्थितजनों ने राष्ट्रहित और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


