सिलौंडी क्षेत्र के गांवों में शान से फहराया तिरंगा,मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान।

 सिलौंडी क्षेत्र के गांवों में शान से फहराया तिरंगा,मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान।

खमरिया बागरी,कछार गांव बड़ा, दशरमन, लालपुर,नेगाई और अतरसूमा में सरपंचों ने किया ध्वजारोहण,10वीं में 98 और 12वीं में 92 प्रतिशत अंक लाने वाले सगे भाइयों का सम्मान।

सिलौंडी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिलौंडी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। खमरिया बागरी, कछार गांव बड़ा, दशरमन, लालपुर, नेगाई और अतरसूमा सहित विभिन्न ग्रामों में ग्राम पंचायतों द्वारा गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।

खमरिया बागरी में ग्राम पंचायत सरपंच अनिल सिंह बागरी ने ध्वजारोहण किया। वहीं कछार गांव बड़ा में ग्राम पंचायत सरपंच कैलाश चंद्र जैन ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। दशरमन में सरपंच सीमा भरत शुक्ला, लालपुर में सरपंच मीना मोहन बागरी तथा नेगाई में सरपंच रुग्गो बाई ने ध्वजारोहण किया। इसी क्रम में अतरसूमा में सरपंच सुशील परस्ते ने राष्ट्रध्वज फहराया।

ध्वजारोहण के दौरान गांवों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कछार गांव बड़ा में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। ग्राम पंचायत सरपंच कैलाश चंद्र जैन ने शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सम्मानित विद्यार्थियों में श्रेयस सिंह बागरी, पिता सुभाष सिंह बागरी एवं माता रमा बागरी ने कक्षा 12वीं के गणित समूह में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वहीं उनके सगे भाई शशांक बागरी, पिता सुभाष सिंह बागरी एवं माता रमा बागरी ने कक्षा 10वीं में शानदार 98 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।

दोनों भाई कछार गांव बड़ा स्थित शासकीय विद्यालय के ही छात्र हैं। दोनों भाइयों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे गांव को गौरवान्वित किया है। एक भाई ने कक्षा 10वीं में 98 प्रतिशत और दूसरे ने कक्षा 12वीं में 92 प्रतिशत अंक हासिल कर यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

इस अवसर पर सरपंच कैलाश चंद्र जैन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला है। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के होनहार विद्यार्थियों की सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी दोनों मेधावी भाइयों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुए इन आयोजनों ने गांवों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और विद्यार्थियों के सम्मान के साथ सिलौंडी क्षेत्र के गांवों में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post