पथवारी में नम आंखों से दी गई प्राचार्य जगदंबा प्रसाद तिवारी को भावभीनी विदाई।

 पथवारी में नम आंखों से दी गई प्राचार्य जगदंबा प्रसाद तिवारी को भावभीनी विदाई।

आठ वर्षों तक शैक्षणिक उन्नयन में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका,बीएसी पद पर पदोन्नति के बाद विद्यालय से हुए विदा।

पथवारी। ग्राम पंचायत पथवारी के मध्य स्थित शासकीय माध्यमिक शाला पथवारी में 20 अगस्त 2026 को संस्था के प्राचार्य जगदंबा प्रसाद तिवारी का विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ भावुक वातावरण में आयोजित किया गया। पदोन्नति के बाद विद्यालय से विदा हो रहे श्री तिवारी को विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों ने आत्मीयता और सम्मान के साथ विदाई दी। इस दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

उल्लेखनीय है कि जगदंबा प्रसाद तिवारी वर्ष 2018 में शासकीय माध्यमिक शाला पथवारी में पदस्थ हुए थे। अपने लगभग आठ वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को मजबूती मिली और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

हाल ही में श्री तिवारी की बड़वारा ब्लॉक में बीएसी के पद पर पदोन्नति हुई है। इसी पदोन्नति के बाद उन्होंने पथवारी विद्यालय से विदाई ली। समारोह के दौरान जहां विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों में उनके नई जिम्मेदारी संभालने की खुशी दिखाई दी, वहीं लंबे समय तक साथ रहे प्रिय शिक्षक के विद्यालय से जाने का भावुक क्षण भी देखने को मिला।

विदाई समारोह की शुरुआत विद्यालय के बच्चों द्वारा केक काटकर की गई। इसके बाद श्री तिवारी को श्रीफल, साल, गमछा, पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें हल्दी, चावल और कुमकुम का तिलक लगाकर स्नेहपूर्वक विदाई दी। बच्चों और शिक्षकों के साथ ग्रामीणों ने भी उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बड़वारा ब्लॉक के बीएसी बशक जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन शासकीय प्राथमिक शाला झिरिया टोला के प्रधानाध्यापक मिथिलेश पुरी गोस्वामी ने किया। उन्होंने श्री तिवारी के कार्यकाल और विद्यालय के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर तत्कालीन प्रभारी लक्ष्मी गुप्ता, अतिथि शिक्षक अभिषेक तिवारी, अतिथि शिक्षिका सपना सिंह, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष देववती सिंह, युवा समाजसेवी गणेश पुरी गोस्वामी, शुभा गोस्वामी, विद्या सिंह मार्को, संतोषी बाई गोस्वामी, रजनी गोस्वामी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

ग्रामवासियों ने कहा कि श्री तिवारी का पथवारी विद्यालय में बिताया आठ वर्षों का कार्यकाल सदैव यादगार और प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने न केवल विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों के साथ आत्मीय संबंध भी स्थापित किए। यही कारण रहा कि उनकी विदाई के अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार भावुक नजर आया।

अंत में विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने बीएसी के पद पर नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे जगदंबा प्रसाद तिवारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की। विदाई समारोह स्नेह, सम्मान और भावनाओं से भरे माहौल में संपन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post