बजरंग दल ने महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में कराया अखंड भारत कार्यक्रम।

 बजरंग दल ने महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में कराया अखंड भारत कार्यक्रम।

अखंड भारत की अवधारणा हमारी अमर सांस्कृतिक विरासत,बच्चों को गौरवशाली इतिहास से जोड़ना आयोजन का मुख्य उद्देश्य।

उमरिया पान। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल प्रखंड उमरिया पान के तत्वावधान में मंगलवार को बनहरी स्थित महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में अखंड भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ सहित बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के लिए समर्पित महापुरुषों के जीवन एवं विचारों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडवोकेट अटल बिहारी वाजपेयी, मुख्य वक्ता मनोज मिश्रा जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं दीपक मिश्रा जिला सह मंत्री सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अखंड भारत की अवधारणा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य अतिथि एडवोकेट अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने संबोधन में कहा कि अखंड भारत की अवधारणा केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह भारत की समृद्ध और अमर सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी भावना है। उन्होंने कहा कि देश के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति से नई पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है, ताकि बच्चे अपने अतीत को समझते हुए वर्तमान को बेहतर बनाने और भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

मुख्य वक्ता मनोज मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, विक्रमादित्य, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और शहीद भगत सिंह जैसे महापुरुषों के जीवन एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने देश और समाज के लिए जिस संकल्प, साहस और समर्पण का परिचय दिया, उससे आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि भारत के गौरवशाली अतीत से शिक्षा लेकर वर्तमान को मजबूत करना और भविष्य की दिशा निर्धारित करना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को अपने देश के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को जानने के साथ ही राष्ट्रहित एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारत के इतिहास और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रखंड संयोजक गजराज सिंह ठाकुर, प्रखंड उपाध्यक्ष तरुण चौरसिया, प्रखंड सह संयोजक विकास बर्मन, नयन तिवारी, दिलीप बर्मन, आशु बर्मन, गुलशन पांडे सहित बजरंग दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज के प्रति सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने के संदेश के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post