ढीमरखेड़ा में संभागायुक्त धनंजय सिंह का क्षेत्र भ्रमण,योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा।

 ढीमरखेड़ा में संभागायुक्त धनंजय सिंह का क्षेत्र भ्रमण,योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा।

जन संवाद में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं,लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश,कलेक्टर ने कीचड़ भरी सड़क पर पैदल चलकर किया निरीक्षण।

ढीमरखेड़ा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने शुक्रवार को कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का क्षेत्र भ्रमण कर शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करते हुए योजनाओं का मौके पर सत्यापन किया और अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने ग्राम गौरा स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी। उन्होंने दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

ग्राम हल्का में शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, नामांकन, ड्रॉपआउट की स्थिति तथा शैक्षणिक गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने पाठ्य पुस्तकों के वितरण की प्रगति की समीक्षा की और विद्यार्थियों से मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद हल्का आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पंजीकृत एवं उपस्थित बच्चों की संख्या, पोषण व्यवस्था तथा गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एसएएम एवं एमएएम श्रेणी के बच्चों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में प्रवेश दिलाकर स्वास्थ्य संवर्धन के प्रयास करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण, पोषण आहार वितरण और विभागीय गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी, संबंधित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर को दिए। निरीक्षण पंजी के अवलोकन में लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण नहीं किए जाने पर उन्होंने संबंधित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम बोदा की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने सिलौंडी से कुण्डम मार्ग से जुड़े करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग को पक्की सड़क में तब्दील कराने की मांग को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी को रोक लिया। कलेक्टर द्वारा बारिश के बाद सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने आग्रह किया कि जिस कीचड़ भरे मार्ग से उन्हें प्रतिदिन आवागमन करना पड़ता है, उसका मौके पर निरीक्षण किया जाए।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वयं पैदल चलकर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को शीघ्र सड़क निर्माण की स्वीकृति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर के इस कदम से ग्रामीणों ने अपनी समस्या को मौके पर सुने जाने पर संतोष व्यक्त किया।

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलोंडी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मेडिकल ऑफिसर से उपलब्ध दवाइयों एवं उपकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक अभिलेख एवं पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

क्षेत्र भ्रमण के उपरांत संभागायुक्त उप तहसील कार्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में कलेक्टर कटनी ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अभियान के अंतर्गत 6 हजार से अधिक शिकायतों का विभागीय अधिकारियों द्वारा निराकरण किया जा चुका है।

अभियान के दौरान बिजली आपूर्ति एवं वोल्टेज, पीएम किसान सम्मान निधि के पंजीयन एवं राशि भुगतान, पेंशन योजनाओं, हैंडपंप मरम्मत तथा प्रसूति सहायता सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित शिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जबलपुर संभाग में भी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अब तक 41 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया है।

जन संवाद के दौरान संभागायुक्त ने खराब ट्रांसफार्मर, बिजली बिल, विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नलजल योजनाओं, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य सुविधाओं, राशन वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा खाद वितरण सहित विभिन्न विषयों पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से जानकारी ली।

हल्का ग्राम के कृषकों द्वारा सिलोंडी सोसायटी से समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर संभागायुक्त ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त संचालक कृषि को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान सभी विभागीय अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण करें और सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान संभागायुक्त धनंजय सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

क्षेत्र भ्रमण एवं जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ, एसडीएम निधि सिंह गोयल, सीईओ यजुर्वेन्द्र कोरी, जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेश राय, पंकज राय, भाजपा जिला मंत्री डॉ. प्रशांत राय, मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, सरपंच अनिल सिंह बागरी, शैलेश जैन, संतोष बर्मन, राहुल राय, गणेश साहू, ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, सिलौड़ी चौकी प्रभारी अनिल पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post