महिला अफसर नेहा पच्चीसिया पर गंभीर आरोपों की आंच,75 लाख रुपये मांगने के आरोप के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत।

 महिला अफसर नेहा पच्चीसिया पर गंभीर आरोपों की आंच,75 लाख रुपये मांगने के आरोप के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत।

ट्रांसपोर्टर से कथित अवैध वसूली और हत्या के प्रकरण में सौदेबाजी के आरोपों की जांच शुरू,आईजी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी दोनों मामलों की जांच।

कटनी। कटनी नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया इन दिनों गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में हैं। उन पर एक ओर ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से कथित रूप से अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है, वहीं दूसरी ओर हत्या के एक मामले में आरोपी पक्ष से 75 लाख रुपये की मांग करने का भी गंभीर आरोप सामने आया है। इन दोनों मामलों की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र जैन ने आरोप लगाया है कि उनकी पांच हाईवा गाड़ियां रेत एवं डोलोमाइट परिवहन कार्य में लगी हुई हैं। उनका कहना है कि 21 जुलाई की रात चेकिंग के दौरान उनकी एक हाईवा को रोककर नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि तत्काल 25 हजार रुपये दे दिए गए, जबकि शेष राशि बाद में देने के लिए कहा गया। इसके अगले दिन 22 जुलाई को महेंद्र जैन ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंप दी।

हत्या के आरोपी आकाश द्वारा की गई शिकायत पत्र 

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान सीएसपी के चालक आरक्षक केशव सिंह को निलंबित कर दिया गया। साथ ही सीएसपी नेहा पच्चीसिया के अधीन आने वाले कुठला, माधवनगर एवं रंगनाथ नगर थाना क्षेत्रों का प्रभार उनसे वापस लेकर अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ के डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई को विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसी बीच सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर एक और गंभीर आरोप सामने आया है। हत्या के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी आकाश लोधी तथा उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जमीन बेचने का दबाव बनाया गया तथा जेल से राहत दिलाने के नाम पर 75 लाख रुपये की मांग की गई। आरोपों के अनुसार इस पूरी प्रक्रिया में दलाली किए जाने का भी दावा किया गया है।

उल्लेखनीय है कि आकाश लोधी को 3 अप्रैल 2026 को एक युवक की हत्या के मामले में कटनी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी का कहना है कि उसके परिवार पर आर्थिक दबाव बनाया गया और मामले के निपटारे के लिए बड़ी रकम की मांग की गई। आरोपी के पिता रमेश लोधी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद रमेश लोधी एवं उनके दामाद सतीश लोधी की गिरफ्तारी को लेकर भी कई सवाल उठाए गए हैं।

इन दोनों मामलों की शिकायतें प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंच चुकी हैं। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं। ट्रांसपोर्टर से कथित वसूली और हत्या के प्रकरण में लगाए गए आरोपों की जांच जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंपी गई है।

फिलहाल जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों द्वारा सभी पक्षों के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोप कितने सही हैं और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में जांच रिपोर्ट ही अंतिम तथ्यात्मक आधार मानी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post