अवंती बाई लोधी जयंती पर गूंजेगा वीरांगना का जयघोष,16 अगस्त को ढीमरखेड़ा क्षेत्र में निकलेगी भव्य बाइक रैली।
पिंडरई से सुबह 10 बजे शुरू होगी रैली,दशरमन और कछार गांव में वीरांगना की प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण।
ढीमरखेड़ा। अमर शहीद वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की जन्म जयंती को लेकर ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जयंती के अवसर पर 16 अगस्त को लोधी क्रांति सेना संगठन के नेतृत्व में विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली को भव्य एवं सफल बनाने की तैयारियों को लेकर ग्राम पंचायत पिंडरई में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।
बैठक में 16 अगस्त को प्रस्तावित बाइक रैली की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने रैली के मार्ग, समय, सहभागिता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे। संगठन द्वारा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बाइक रैली की शुरुआत 16 अगस्त को ग्राम पिंडरई से सुबह 10 बजे होगी। इसके बाद रैली सुबह करीब 11 बजे ढीमरखेड़ा पहुंचेगी। यहां से रैली देवरी, सनकुई, मुरवारी और गनियारी होते हुए अवंती बाई तिराहा, दशरमन पहुंचेगी।
दशरमन में अमर शहीद वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद बाइक रैली सोनारखेड़ा होते हुए कछार गांव बड़ा अवंती बाई तिराहा पहुंचेगी। यहां स्थित वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ रैली का समापन किया जाएगा।
लोधी क्रांति सेना संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी इंद्र कुमार लोधी ने क्षेत्रवासियों एवं समाजजनों से बड़ी संख्या में बाइक रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य केवल जयंती मनाना ही नहीं, बल्कि वीरांगना अवंती बाई लोधी के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
आयोजकों के अनुसार 16 अगस्त को ढीमरखेड़ा क्षेत्र में निकलने वाली बाइक रैली के दौरान वीरांगना अवंती बाई लोधी के जयघोष से क्षेत्र गूंजायमान होगा। रैली के माध्यम से समाजजनों और युवाओं में वीरांगना के देशप्रेम एवं बलिदान की भावना को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया जाएगा।
रैली को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। संगठन की ओर से रैली को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जयंती के अवसर पर होने वाला यह आयोजन ढीमरखेड़ा क्षेत्र में वीरांगना अवंती बाई लोधी के शौर्य और बलिदान को नमन करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।


