NH-30 पर आवारा गौवंश को पहनाए गए रिफ्लेक्टिव कॉलर,सड़क सुरक्षा की दिशा में NHAI की सराहनीय पहल।
रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान,मानव जीवन और गौवंश दोनों की सुरक्षा पर दिया गया जोर।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रात्रि के समय आवारा गौवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी अभियान संचालित किया गया। पी.आई.यू. सतना के पी.डी. के निर्देश एवं प्रशासन के आदेशानुसार चलाए गए इस अभियान में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रात्रि में राजमार्ग पर विचरण करने वाली गायों को रिफ्लेक्टिव कॉलर बेल्ट पहनाई गई।
इस विशेष अभियान का संचालन कॉरिडोर मैनेजर कुंदन गौतम एवं सी.आर.ओ. मनीष पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के दौरान आर.पी.ओ. आदर्श त्रिपाठी, संजय सिंह, हेल्पर सुरेंद्र सोन, राहुल तथा ड्राइवर कृष्णा पटेल की टीम ने NH-30 के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर सड़क पर घूम रहे गौवंश को चिन्हित किया और उन्हें रिफ्लेक्टिव कॉलर बेल्ट पहनाई।
रिफ्लेक्टिव कॉलर बेल्ट का उद्देश्य रात्रि के समय वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही गायों को दूर से स्पष्ट रूप से दिखाई देना है। इससे वाहन चालक समय रहते सतर्क होकर अपने वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह पहल न केवल वाहन चालकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि गौवंश को भी दुर्घटनाओं से बचाने में प्रभावी सिद्ध होगी।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं में आवारा पशुओं की भूमिका लंबे समय से चिंता का विषय रही है। ऐसे में NHAI द्वारा उठाया गया यह कदम सड़क सुरक्षा के प्रति उसकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचायक है। स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएं और अन्य राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर भी लागू किए जाएं, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन, पशुपालकों एवं आम नागरिकों के सहयोग से आवारा पशुओं के बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।
NH-30 पर रिफ्लेक्टिव कॉलर बेल्ट लगाने का यह अभियान सुरक्षित, जिम्मेदार एवं दुर्घटनामुक्त राजमार्ग के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी और प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है। यह प्रयास सड़क सुरक्षा के साथ-साथ मानव जीवन एवं गौवंश की सुरक्षा के प्रति NHAI की प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

