पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पदोन्नत अधिकारियों का किया सम्मान,ढीमरखेड़ा की महिमा रघुवंशी बनीं निरीक्षक।

 पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पदोन्नत अधिकारियों का किया सम्मान,ढीमरखेड़ा की महिमा रघुवंशी बनीं निरीक्षक।

जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कार्यवाहक निरीक्षक से निरीक्षक एवं उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत अधिकारियों को दी गई शुभकामनाएं,पुलिस अधीक्षक ने जनसेवा,निष्पक्षता और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का दिया संदेश।

कटनी। जिला पुलिस कार्यालय में पदोन्नत अधिकारियों के सम्मान में आयोजित गरिमामय समारोह उस समय गौरवपूर्ण माहौल में बदल गया, जब पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने कार्यवाहक निरीक्षक से निरीक्षक तथा उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत अधिकारियों का सम्मान कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

समारोह में कार्यवाहक निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में राखी पाण्डेय, अखिलेश दाहिया, सुदेश समन, आशीष शर्मा, ढीमरखेड़ा की महिमा रघुवंशी, शाहिद खान, शैलेन्द्र सिंह यादव एवं रितेश शर्मा का सम्मान किया गया। वहीं उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत रश्मि सोनकर को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस अवसर पर विशेष रूप से ढीमरखेड़ा में पदस्थ महिमा रघुवंशी के निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। उनकी पदोन्नति से न केवल जिला पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है, बल्कि ढीमरखेड़ा क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है। अपने कार्यकाल के दौरान महिमा रघुवंशी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुनवाई, महिला सुरक्षा तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किए हैं। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का ही परिणाम है कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पदोन्नति किसी अधिकारी के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और मेहनत का सम्मान होती है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां भी कई गुना बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए। जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है और उसे बनाए रखना प्रत्येक पुलिस अधिकारी का सर्वोच्च दायित्व है।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवा का माध्यम है।

सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा भी उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने अनुभव, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा कटनी पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम का समापन पदोन्नत अधिकारियों के सम्मान, शुभकामनाओं और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। पूरे समारोह में उत्साह और गरिमा का वातावरण देखने को मिला तथा उपस्थित अधिकारियों ने पदोन्नत साथियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post