लमतरा सड़क हादसा,बस-हाइवा के फिटनेस और परमिट निरस्त,चालकों के लाइसेंस निलंबित।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई,हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद प्रशासन सख्त।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल बस और हाइवा के विरुद्ध कड़े कदम उठाए हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए थे जिनका उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
दुर्घटना के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रारंभ की। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल यात्री बस क्रमांक एमपी 19 पी 0347 तथा ओवरलोड हाइवा क्रमांक एमपी 21 एच 2099 के फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं।
परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बस मालिक पंकज गुप्ता, निवासी घंटाघर रोड मसुरहा वार्ड तथा हाइवा मालिक अनिल कुमार सुहाने, निवासी बाल गंगाधर वार्ड क्रमांक 4, रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप पन्ना मोड़, को नोटिस जारी कर मूल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट आरटीओ कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इतना ही नहीं, दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और दुर्घटना की परिस्थितियों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच भी जारी है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।
रविवार को हुए इस भीषण हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस और हाइवा की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच परिवहन विभाग की यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखी जा रही है। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यात्री सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों एवं मालिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
लमतरा फाटक के समीप हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन और भारी वाहनों की नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

