विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त।
खनिज संपदा की चोरी पर सख्त रुख,बिना वैध दस्तावेज रेत परिवहन करते चालक के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज।
विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।
जिले में अवैध खनन एवं रेत के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 जून 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान नदीपार पानी टंकी के समीप विजयराघवगढ़ रोड पर एक लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर संदिग्ध अवस्था में रेत से भरी ट्रॉली लेकर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोककर जांच की गई।
पूछताछ के दौरान ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम दिनेश केवट पिता तम्मा केवट, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ेहा, थाना विजयराघवगढ़ बताया। जब उससे रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह कोई भी वैध अनुमति अथवा परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरकर उसका परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिना नंबर के महिन्द्रा ट्रैक्टर, जिसका चेसिस नंबर ABNABAEXAMRAQ5745 एवं इंजन नंबर RMA2EAN1692 है, को धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत जब्त कर लिया। साथ ही चालक के विरुद्ध खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत इस्तगासा क्रमांक 19/26 कायम किया गया।
पुलिस द्वारा तैयार प्रकरण को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज शाखा कटनी भेज दिया गया है, जहां संबंधित विभाग द्वारा आगे की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में खनिज माफियाओं के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी, प्रधान आरक्षक मुकेश परस्ते तथा स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध रेत परिवहन के एक मामले का खुलासा हुआ तथा खनिज संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया।

