विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,अवैध रेत परिवहन में ट्रैक्टर-ट्राली जब्त।

 विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,अवैध रेत परिवहन में ट्रैक्टर-ट्राली जब्त।

खेरवा घाट के पास बिना नंबर के रेत से भरा सोनालिका ट्रैक्टर पकड़ा गया,चालक मौके से फरार,पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई कर वाहन को थाने में खड़ा कराया।

विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।

जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजयराघवगढ़ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खेरवा घाट के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली में रेत भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि बिना नंबर का नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर-ट्राली रेत से भरा हुआ था तथा रेत के वैध परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्राली एवं उसमें भरी रेत को जब्त कर लिया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब्त वाहन को सुरक्षार्थ थाना विजयराघवगढ़ परिसर में खड़ा कराया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले में वाहन के विरुद्ध धारा 106 बी.एन.एस.एस. के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है तथा फरार चालक की पहचान एवं आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। विजयराघवगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई खनिज माफियाओं के विरुद्ध प्रशासन की सख्त मंशा को दर्शाती है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह तथा आरक्षक पप्पू प्रजापति की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहने की बात कही गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post