गोपालपुर में पर्यावरण दिवस पर चला हरियाली अभियान,‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश।
भाजपा मंडल की मासिक बैठक में संगठन सशक्तिकरण और जनसेवा पर हुआ मंथन,पंचायत भवन एवं विद्यालय परिसर में किया गया वृक्षारोपण।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर एमपी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम गोपालपुर में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। पंचायत भवन गोपालपुर तथा पीएम श्री हाई स्कूल परिसर में लगाए गए पौधों के माध्यम से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल प्रभारी विजय दुबे, मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी तथा मीसाबंदी संतू असाठी ने पौधरोपण कर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक जिम्मेदारी बन गया है। वृक्षारोपण से न केवल प्राकृतिक संतुलन बना रहता है, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और स्वस्थ जीवन के लिए भी यह अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर आयोजित भाजपा मंडल की मासिक बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल प्रभारी विजय दुबे ने कार्यकर्ताओं को निरंतर जनसेवा और संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहता है।
मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कर्मठ कार्यकर्ताओं में निहित होती है और सभी को मिलकर समाजहित एवं राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सीमा भरत शुक्ला, सोनू दुबे, अरविंद तिवारी, विनोद राय, सदन तिवारी, नरेंद्र दहिया, अन्नू पाल, सरपंच प्रतिनिधि प्रवीण तिवारी, नारायण सिंह, सूर्य प्रकाश मिश्रा, नरेंद्र पाल, कमल बर्मन, अमरेश राय, संतोष वंशकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

