सिलौंडी क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया,ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लिया बढ़-चढ़कर भाग।

 सिलौंडी क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया,ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लिया बढ़-चढ़कर भाग।

विद्यालयों,महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में आयोजित हुए योग शिविर,स्वस्थ जीवन और निरोगी भारत का दिया गया संदेश।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर एमपी।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिलौंडी क्षेत्र में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों में योग कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौंडी, बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय, शासकीय कन्या प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय महाविद्यालय सिलौंडी में आयोजित योग कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में भी योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्राम दशरमन में सरपंच सीमा भरत शुक्ला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इसी प्रकार ग्राम खमरिया बागरी में सरपंच अनिल सिंह बागरी के मार्गदर्शन में योग शिविर आयोजित किया गया, जबकि कछार गांव बड़ा में सरपंच कैलाश चंद्र जैन की उपस्थिति में ग्रामीणों ने योग कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ग्राम नेगाई में पूर्व सरपंच गणेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, पूर्व सरपंच डॉ. मनमोहन राय, प्रह्लाद राय, पत्रकार धीरज जैन, शिक्षक संतोष बर्मन, शिक्षक तुलसी नामदेव, शिक्षक अशोक कुमार हल्दकार, शिक्षक विशाल सिंह, शिक्षक चंद कुमार परसवार, बैजनाथ दहिया, कमलेश सेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

संपूर्ण क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post